- पटना के गांधी मैदान में 03 नवंबर को होगा आयोजन, देशभर से जुटेंगे युवा प्रतिभागी
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 250 युवा प्रतिभागियों, नोडल पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही, आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने और जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए लगभग 1,000 प्रतिभागियों की सहभागिता से 2 किलोमीटर का वॉकथॉन भी आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय रेड रन एवं वॉकथॉन की शुरुआत गांधी मैदान, पटना से होगी। प्रतिभागी जे.पी. गंगा पथ पर गंगा नदी की ओर वाले लेन से गुजरते हुए पुनः गांधी मैदान पहुंचेंगे। दोनों आयोजनों का समापन गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच के समीप होगा। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने आमजन एवं युवाओं से इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच एवं उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना तथा इससे प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़कर स्वस्थ, जागरूक एवं भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें