- अपनी धुन पर थिरकने को मजबूर कर देगा यह धमाकेदार पार्टी ट्रैक
गाने के बारे में बात करते हुए संगीतकार तनिष्क बागची ने कहा , “'ज़ुल्मी' के साथ हमारा उद्देश्य एक ऐसा म्यूज़िकल साउंड तैयार करना था, जो मज़ेदार, नया और थोड़ा अप्रत्याशित हो। मुझे संगीत के अलग-अलग रंगों को तलाशना पसंद है और इस ट्रैक ने कुछ चुलबुला और अलग करने का मौका दिया। कुमार जी के बोल गाने की अनोखी और शरारती भावना को खूबसूरती से बयां करते हैं। लव रंजन के साथ काम करना हमेशा शानदार अनुभव रहा है, क्योंकि वह आपको अपनी रचनात्मकता को तलाशने और कुछ अलग पेश करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हीर ने अपनी आवाज़ से गाने में एक अलग रंग जोड़ा है। मैं दर्शकों के ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के हिस्से के रूप में इस गाने को अनुभव करने के लिए उत्साहित हूँ।” गीतकार कुमार ने आगे कहा, “'ज़ुल्मी' जैसे गाने को लिखने के लिए शब्दों और संगीत के मिज़ाज के बीच सही तालमेल बिठाना ज़रूरी होता है। बोलों में अपनी अलग पहचान होनी चाहिए, साथ ही गाने का हल्कापन और मनोरंजक अंदाज़ भी बरकरार रहना चाहिए। हम इस ट्रैक को एक अलग व्यक्तित्व देना चाहते थे और मुझे उम्मीद है कि जब श्रोता इसे सुनेंगे, तो उन्हें इसकी खासियत ज़रूर महसूस होगी।” गायिका हीर ने कहा , “'ज़ुल्मी' की रिकॉर्डिंग का अनुभव बेहद मज़ेदार और ताज़गीभरा रहा। मैं दर्शकों तक यह गाना पहुँचने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूँ। उम्मीद है कि यह गाना लोगों के जश्न का हिस्सा बनेगा और उनकी पसंदीदा प्लेलिस्ट में भी अपनी जगह बनाएगा।”

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें