मुंबई : दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर विवाद, मीका, बादशाह और अन्य कलाकारों ने गायक का समर्थन किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

मुंबई : दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर विवाद, मीका, बादशाह और अन्य कलाकारों ने गायक का समर्थन किया

Panjabi-singar-support-daler-mehdi
मुंबई : पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के उत्तराखंड में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के दौरान विवाद होने के बाद गायक मीका सिंह, बादशाह और अन्य कलाकार उनके समर्थन में उतर आए हैं। ‘तुनक तुनक तुन’, ‘बोलो ता रा’ और ‘हो जाएगी बल्ले बल्ले’ जैसे लोकप्रिय गानों के लिए पहचाने जाने वाले मेहंदी रविवार रात उत्तराखंड के नयी टिहरी में आयोजित ऐतिहासिक ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री और नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल ने उनकी प्रस्तुति पर नाराजगी जताई। मंत्री मंच पर पहुंचे, उन्होंने प्रस्तुति रुकवा दी और आरोप लगाया कि गायक नशे में थे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में उनियाल के चिल्लाने के दौरान मेहंदी असहज नजर आते हैं। वीडियो में मंत्री को यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘आप लोगों को बेवकूफ क्यों बना रहे हैं? क्या आप नशे में हैं? आप ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो गाएंगे कैसे?’’ इसके बाद मेहंदी के भाई, गायक मीका सिंह और अन्य कलाकारों ने उनके समर्थन में बयान दिए और उनके जैसे वरिष्ठ तथा सम्मानित कलाकार को सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने की आलोचना की। 


मीका ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि यदि किसी ने कभी दलेर मेहंदी (59) को शराब पीते हुए देखा हो तो वह गायकी छोड़ देंगे। मीका ने कहा, ‘‘मैंने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी जी के बारे में खबर सुनी। आप लोग यह बात फैला रहे हैं कि दलेर मेहंदी गाते समय नशे में थे और गा नहीं पा रहे थे। सबसे पहले मैं आप सभी से पूछना चाहता हूं कि वह पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं। क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है या उनकी जन्मदिन की पार्टियों में शराब देखी है? मैं उनके बारे में बात कर रहा हूं, अपने बारे में नहीं। आप मेरे बारे में कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन उनके बारे में नहीं।’’ मीका ने कहा, ‘‘जब आपने उन्हें ऐसा करते देखा ही नहीं, तो आपने कैसे कह दिया कि उनसे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था? हम कलाकार कई बार किसी के कहने पर कार्यक्रम करने के लिए हां कर देते हैं। हमें 104 डिग्री बुखार भी हो, तब भी फर्क नहीं पड़ता। अगर मैं बीमार हूं और परसों मेरा कार्यक्रम है, जिसके लिए मैं पहले ही हामी भर चुका हूं, तो बजट बड़ा हो या छोटा, मैं कार्यक्रम करूंगा।’’ उन्होंने कहा कि उनके भाई के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ होगा। मीका ने कहा, ‘‘अगर वह गा नहीं पा रहे थे, तो संभव है कि उनकी तबीयत खराब थी, क्योंकि हाल ही में उनकी सर्जरी हुई है। मेरे भाई ने मुझे इस बारे में बात नहीं करने को कहा था, लेकिन उनका भाई और प्रशंसक होने के नाते मुझे सच्चाई बताने का अधिकार है।’’ 


गायक ने मंच पर मेहंदी के साथ किए गए व्यवहार को भी निराशाजनक बताया। हास्य कलाकार कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर मीका की पोस्ट साझा करते हुए कहा कि मेहंदी की हाल ही में गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने लिखा, ‘‘दलेर मेहंदी पाजी (भाई) की हाल ही में गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को पता नहीं है। हमें दूसरों के प्रति थोड़ा और संवेदनशील होने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें नहीं पता कि कोई व्यक्ति किस दौर से गुजर रहा है। स्पष्टीकरण देने के लिए मीका पाजी का धन्यवाद।’’ बादशाह ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक संदेश साझा किया और कहा कि किसी कलाकार को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना बेहद दुखद है। उन्होंने लिखा, ‘‘दलेर मेहंदी दिग्गज कलाकार हैं। बस! आप निराशा व्यक्त कर सकते हैं, लेकिन संगीत जगत को इतना कुछ देने वाले कलाकार को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना बेहद दुखद है। खासकर तब, जब वे मुश्किल दौर से गुजर रहे हों, ऐसे कलाकार सम्मान के हकदार हैं।’’ गायिका हर्षदीप कौर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह पोस्ट साझा की और मेहंदी को ‘दिग्गज’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘दलेर मेहंदी दिग्गज कलाकार हैं। ऐसा लगता है कि उस दिन उनकी तबीयत बहुत खराब थी, क्योंकि मंच पर वह सिर्फ गाते ही नहीं हैं, बल्कि दहाड़ते हैं।’’

कोई टिप्पणी नहीं: