नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के लिए जंतर-मंतर को फिर से प्रदर्शन स्थल के रूप में बहाल करने की मांग करते हुए रविवार को दिल्ली में मशाल जुलूस निकाला। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां, पोस्टर और तिरंगा लेकर रायसीना रोड स्थित संगठन के कार्यालय से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग और सीईसी कुमार के खिलाफ नारे लगाए। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली पुलिस द्वारा युवा कांग्रेस को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार किए जाने के कुछ दिन बाद हुआ। संगठन ने इस फैसले को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती देते हुए दलील दी है कि अधिकारियों को शांतिपूर्ण सभाओं को नियंत्रित करने के लिए निषेधात्मक प्रावधान लागू नहीं करने चाहिए। मार्ग में बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ अर्द्धसैन्य बल के जवान भी तैनात थे। युवा कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि किसी भी प्रदर्शनकारी को हिरासत में नहीं लिया गया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य नागरिकों और राजनीतिक संगठनों के शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने के अधिकार को रेखांकित करना था। चिब ने एक बयान में कहा, ‘‘जंतर-मंतर किसी सरकार या पुलिस विभाग की संपत्ति नहीं है—यह जनता का है। यह वह जगह है जहां आम नागरिकों की आवाज ऐतिहासिक रूप से सुनी जाती रही है।’’ कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चिब ने कहा कि निर्वाचन आयोग के कामकाज और चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संगठन प्रदर्शन करने के अधिकार के मुद्दे को लगातार उठाता रहेगा। चिब ने कहा, ‘‘वे बैरिकेड लगा सकते हैं, पुलिस तैनात कर सकते हैं और अनुमति देने से इनकार कर सकते हैं, लेकिन भारत के युवाओं की आवाज के चारों ओर बैरिकेड नहीं लगा सकते।’’
रविवार, 4 अक्टूबर 2026
दिल्ली : युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
Tags
# देश
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें