- बायोमीट्रिक अटेंडेंस एवं ई-आफिस से बदल रही सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली, उपस्थिति से लेकर संचिकाओं के निष्पादन तक हर स्तर पर हो रही जवाबदेही तय
जिला एवं प्रखंड स्तर पर निर्धारित की गई निगरानी की जिम्मेदारी
बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। प्रखंड स्तर पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि जिला स्तर पर अपर समाहर्ता एवं स्थापना उपसमाहर्ता को नामित किया गया है। इससे उपस्थिति संबंधी सूचनाओं का नियमित संकलन, समीक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा आम लोग लाभान्वित हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि यदि कोई कर्मी लगातार तीन कार्यदिवस तक निर्धारित ग्रुप में अपनी उपस्थिति साझा नहीं करता है तो उसे अनधिकृत रूप से अनुपस्थित मानते हुए बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अक्टूबर माह की समीक्षा में 11 कर्मी अनुपस्थित, कारण पृच्छा जारी
जिला मॉनिटरिंग शाखा द्वारा अक्टूबर माह की बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा के क्रम में पंचायती राज विभाग से जुड़े 11 कर्मी पूर्वाह्न 10:30 बजे तक अनुपस्थित पाए गए हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि उपस्थिति व्यवस्था की निगरानी केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप वास्तविक अनुपालन की भी समीक्षा कर अपेक्षित कार्रवाई भी की जा रही है।
ई-ऑफिस से सरकारी कार्यों के निष्पादन में तेजी एवं पारदर्शिता
जिलाधिकारी द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं अधिक प्रभावी बनाने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ-साथ ई-ऑफिस प्रणाली के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया है। ई-ऑफिस के माध्यम से सरकारी संचिकाओं एवं पत्रों का डिजिटल संचालन, ऑनलाइन अग्रसारण, संबंधित पदाधिकारियों के स्तर पर समयबद्ध समीक्षा तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया गया है। ई-ऑफिस प्रणाली से संचिकाओं के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना कम हुई है। इसके माध्यम से यह पता लगाना आसान होता है कि कोई संचिका किस स्तर पर लंबित है तथा उसके निष्पादन में कितना समय लग रहा है। इससे कार्यों की जवाबदेही निर्धारित करने, पारदर्शिता बढ़ाने एवं प्रशासनिक निर्णयों में तेजी लाने में मदद मिलती है।
आम जनता को मिल रहा सीधा लाभ
बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं ई-ऑफिस प्रणाली का व्यापक उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को नागरिक केंद्रित बनाना है। कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मियों की समय पर उपस्थिति से आम लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ता। वहीं, ई-ऑफिस के माध्यम से आवेदन, शिकायत, प्रमाण-पत्र, राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध हुई है। जिला पदाधिकारी की प्रभावी पहल से सरकारी कार्यालयों के प्रति आम लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है तथा उन्हें अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होती। इस पहल का मूल उद्देश्य स्पष्ट है कि प्रशासनिक व्यवस्था में समय की पाबंदी, कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता एवं जवाबदेही को संस्थागत स्वरूप दिया जाए। तकनीक आधारित निगरानी एवं डिजिटल कार्यप्रणाली के समन्वय से जिला प्रशासन सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें