सीहोर : आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली माता मंदिर : प्रिंस राठौर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

सीहोर : आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली माता मंदिर : प्रिंस राठौर

  • 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा, 151 मीटर की चुनरी होगी अर्पित, 300 से अधिक दुर्गावाहिनी की बालिकाएं और आठ गरबा टीमें होंगी शामिल

Karoli-mata-sehore
सीहोर। शहर में 15 अक्टूबर को आयोजित होने वाली भव्य चुनरी यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष एवं हिंद रक्षक युवा समिति के संरक्षक प्रिंस राठौर ने शहर के बस स्टैंड स्थित आदिश्री होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह 10:30 बजे प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली वाली माता मंदिर से चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा। इसमें हजारों की संख्या में मातृशक्ति, युवा और श्रद्धालु शामिल होकर मां जगदंबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे। इस वर्ष माता रानी को 151 मीटर लंबी भव्य चुनरी अर्पित की जाएगी। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी।


12 हजार से अधिक महिलाओं को प्रदान की गई पवित्र चुनरी

प्रेस वार्ता में प्रिंस राठौर ने बताया कि चुनरी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। अब तक करीब 12 हजार से अधिक महिलाओं को पवित्र चुनरी प्रदान की जा चुकी है। यात्रा में 300 से अधिक दुर्गावाहिनी की बालिकाएं शामिल होंगी। इसके अलावा बालिकाओं और युवतियों की आठ गरबा टीमें अपनी प्रस्तुतियां देंगी। यात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां भी शामिल रहेंगी, जो धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण होंगी।


14 वर्षों से निरंतर निकल रही चुनरी यात्रा

चुनरी यात्रा पिछले 14 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। हर वर्ष हजारों की संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालु इसमें शामिल होकर माता रानी को चुनरी अर्पित करते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी देता है। प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर का प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली माता मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं और माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।


सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है यात्रा

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि चुनरी यात्रा हमारी आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। माता रानी के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा ही ऐसे आयोजनों को भव्य स्वरूप प्रदान करती है। सीहोर की धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मां जगदंबा की कृपा से हर वर्ष चुनरी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह और सहभागिता बढ़ती जा रही है। 151 मीटर की चुनरी भक्तों की श्रद्धा, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

प्रिंस राठौर ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं और श्रद्धालुओं से 15 अक्टूबर को आयोजित होने वाली भव्य चुनरी यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता से इस धार्मिक आयोजन को और भव्य स्वरूप मिलेगा। 151 मीटर की चुनरी, दुर्गावाहिनी की बालिकाओं की सहभागिता, आठ गरबा टीमें, आकर्षक झांकियां और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा इस वर्ष की चुनरी यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। माता रानी के जयकारों के बीच निकलने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश देगी।

कोई टिप्पणी नहीं: