दिल्ली : राष्ट्र हित में सभी संस्थाओं और राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए : पीएम मोदी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

दिल्ली : राष्ट्र हित में सभी संस्थाओं और राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए : पीएम मोदी

modi-call-unity-for-national-intigrity
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि देश की सभी संस्थाओं और राजनीतिक दलों को राष्ट्र हित में एकजुट होकर देश के दुश्मनों के खिलाफ एक साथ मिलकर लड़ना चाहिए। यहां दशहरा समारोह में शामिल हुए मोदी ने कहा कि संकट कितना भी बड़ा या कठिन क्यों न हो, किसी को भी दूसरों के भरोसे नहीं बैठना चाहिए, बल्कि अपनी ताकत को पहचानना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा, ‘‘हमारे विचार एक हों और देश की सभी संस्थाएं तथा सभी राजनीतिक दल राष्ट्र हित में एकजुट होकर खड़े हों। हमें इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए और देश के दुश्मनों के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहिए।’’ अपनी सरकार के लक्ष्य को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने संसाधनों पर भरोसा रखना चाहिए। हमें अपने संकल्प को शक्ति में बदलना चाहिए और अपनी मेहनत से समस्याओं का समाधान खोजना चाहिए। क्योंकि भगवान श्रीराम ने हमें सिखाया है कि कठिनाइयां हमारी यात्रा को रोक नहीं सकतीं।’’ उन्होंने कहा कि रामराज्य में किसी के साथ भेदभाव नहीं होता, बल्कि सभी को न्याय और समान अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनकल्याण सुनिश्चित करना है और यही भगवान राम का आदर्श है। मोदी ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है और यह त्योहार लोगों को यह विश्वास रखने का साहस देता है कि दुश्मन चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, “जब हम सत्य और मानवता के साथ खड़े होते हैं, तो अंततः जीत हमारी ही होती है’’। प्रधानमंत्री ने कहा कि दशहरे की भावना हमेशा से भारत के दर्शन के मूल में रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: