दिल्ली : जामिया के प्रदर्शनकारी छात्रों ने ‘इंकलाबी मेला’ के साथ मनाया स्थापना दिवस - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

दिल्ली : जामिया के प्रदर्शनकारी छात्रों ने ‘इंकलाबी मेला’ के साथ मनाया स्थापना दिवस

jamia-establishment-day
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में आंदोलनरत छात्रों ने विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस पर आधिकारिक समारोहों का बहिष्कार करते हुए बृहस्पतिवार को ‘इंकलाबी मेला’ आयोजित किया। वहीं, विश्वविद्यालय में कक्षाओं और परीक्षाओं को ऑनलाइन संचालित करने के प्रशासन के फैसले के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने और कथित तौर पर गुमराह करने वाले कारण बताकर आपातकालीन अवकाश लेने के आरोप में एक छात्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय के गेट-सात के पास स्थित गुलिस्तान-ए-गालिब में ‘इंकलाबी मेला’ का आयोजन किया, जहां 2006 से बंद जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ (जेएमआईएसयू) को बहाल करने की मांग को लेकर पांच छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों ने कहा कि ‘इंकलाबी मेला’ का आयोजन जामिया के मूल आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय की विरासत लोकतांत्रिक भागीदारी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और असहमति के प्रति सम्मान में झलकनी चाहिए। इस सभा में भूख हड़ताल पर बैठे पांचों छात्र-एबिन बासिल, रेहान खान, ऋतिक, अलताफ और अबुजर—भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने न्यायिक हिरासत में भेजे गए छात्रों की रिहाई, आंदोलनकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने और नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए परिसर दोबारा खोलने की समयसीमा तय करने की मांग की। यह घटनाक्रम विश्वविद्यालय के 28 अक्टूबर के उस आदेश के विरोध के बीच सामने आया है, जिसमें परिसर की मौजूदा स्थिति और छात्रों की सुरक्षा का हवाला देते हुए ऑनलाइन कक्षाएं 24 नवंबर तक जारी रखने तथा विषम सत्र की परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की बात कही गई थी। वाणिज्य एवं व्यावसायिक अध्ययन विभाग के छात्रों ने अपनी विषय समिति के माध्यम से एक ज्ञापन जारी कर इस आदेश को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि परिसर में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं होने से उनकी पढ़ाई और विश्वविद्यालय परिसर तक पहुंच को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। विश्वविद्यालय के नवीनतम आदेश के अनुसार, 25 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन प्रेक्टिकल, फील्डवर्क, प्रोजेक्ट, मौखिक परीक्षाएं और छोटे प्रोजेक्ट की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद एक से 24 दिसंबर तक ऑनलाइन माध्यम से लिखित परीक्षाएं होंगी। आदेश में कहा गया है कि 25 दिसंबर से 12 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा और सम सत्र की कक्षाएं 13 जनवरी से शुरू होंगी। इससे पहले प्रशासन ने आठ नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का आदेश दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं: