दिल्ली : सिब्बल का रीजीजू पर पलटवार, ‘क्या हमने प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलवाईं’ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

दिल्ली : सिब्बल का रीजीजू पर पलटवार, ‘क्या हमने प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलवाईं’

sibbal-attack-rijiju
नई दिल्ली। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू द्वारा विरोध प्रदर्शन के अधिकार पर उनकी 2011 की टिप्पणी साझा किए जाने के बाद शुक्रवार को पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस-नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने कभी लोगों को प्रदर्शन करने से नहीं रोका और न ही प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन या लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। संसदीय कार्य मंत्री रीजीजू ने बृहस्पतिवार को 2011 का एक वीडियो साझा किया था, जिसमें सिब्बल तत्कालीन संप्रग सरकार के खिलाफ ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन के दौरान संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते दिख रहे हैं। वीडियो में सिब्बल ने कहा था, ‘‘विरोध प्रदर्शन का अधिकार अपनी पसंद की जगह पर प्रदर्शन करने का अधिकार नहीं है।’’ 


रीजीजू ने सिब्बल को ‘दिमागी नक्सल’ करार देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा था। सिब्बल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में रीजीजू पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘हमने कभी यह सुनिश्चित नहीं किया कि लोग प्रदर्शन न करें। यह संविधान से मिला अधिकार है और इसमें हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या हमारी सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कराया या उन्हें घायल करने के लिए पैलेट गन का इस्तेमाल किया?’’ सिब्बल ने संसद के कामकाज को लेकर भी सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि विपक्ष को मुद्दे उठाने तथा विरोध दर्ज कराने का अवसर नहीं दिया जाता और विधेयक बिना पर्याप्त चर्चा के पारित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में रीजीजू विपक्ष में बैठे तो कांग्रेस उन्हें बोलने का अवसर देगी। सिब्बल ने कहा, ‘‘रीजीजू जी, याद रखिए, इतिहास खुद को दोहराता है।’’

कोई टिप्पणी नहीं: