नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने हिंदी को ज्ञान, प्रौद्योगिकी और कूटनीति की भाषा बनाने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि इसका वैश्विक भविष्य तब और मजबूत होगा, जब इस भाषा में ज्ञान का सृजन किया जाएगा और दुनिया इसके माध्यम से भारत को समझेगी। विज्ञान भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन-2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि हिंदी केवल भावनाओं और साहित्य की भाषा बनकर न रहे, बल्कि इसे डिजिटल युग की भाषा भी बनना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें हिंदी को केवल भावनाओं और साहित्य की भाषा तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे ज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, प्रशासन, कूटनीति और डिजिटल युग की भाषा भी बनाना चाहिए। हिंदी का वैश्विक भविष्य तभी और मजबूत होगा, जब इस भाषा में ज्ञान का सृजन होगा और दुनिया इसके माध्यम से भारत को समझ सकेगी।” विश्व हिंदी परिषद की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का विषय ‘‘भारत रत्न अटल : हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन’’ था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के हिंदी के प्रति योगदान को याद करते हुए नायडू ने कहा कि उनके और हिंदी के बीच का संबंध केवल मातृभाषा के इस्तेमाल या राजनीतिक भाषणों तक सीमित नहीं था। उन्होंने कहा, “वाजपेयी के लिए हिंदी भारतीय आत्मविश्वास की भाषा थी।” नायडू ने 1977 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में तत्कालीन विदेश मंत्री के रूप में वाजपेयी के हिंदी में दिए गए भाषण को याद किया। नायडू ने कहा कि उस समय जब कूटनीतिक संवाद में अंग्रेजी का वर्चस्व था, तब अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिंदी में बोलने का वाजपेयी का फैसला इस बात की घोषणा थी कि भारत अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान के साथ दुनिया के सामने पूरे आत्मविश्वास से खड़ा हो सकता है। नायडू ने कहा कि हिंदी के विस्तार के साथ-साथ सभी भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी को प्रोत्साहित करने को किसी पर इसे थोपने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर हिंदी, राज्य स्तर पर संबंधित राज्य की भाषा और गांवों में मातृभाषा के इस्तेमाल की वकालत की। उन्होंने कम से कम आठवीं कक्षा तक मातृभाषा को शिक्षा का माध्यम बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों के लिए अपनी भाषा में शिक्षा प्राप्त करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी पर भी कोई भाषा थोपने का सवाल ही नहीं उठना चाहिए।’’ उन्होंने जोर दिया कि सभी भारतीय भाषाओं को उनका उचित सम्मान और मान्यता मिलनी चाहिए।
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026
दिल्ली : वेंकैया नायडू ने हिंदी, सभी भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने की पैरवी की
Tags
# देश
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें