दिल्ली : भाजपा ने ‘आप’ के तीन बागी विधायकों का स्वागत किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 2 नवंबर 2026

दिल्ली : भाजपा ने ‘आप’ के तीन बागी विधायकों का स्वागत किया

Aap-rebail-mla-join-bjp
नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को झटका देते हुए पार्टी के तीन नेताओं ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। इनमें पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह और दो अन्य विधायक शामिल हैं।इससे पहले, निलंबित ‘आप’ विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि उन्होंने पंजाब विधानसभा के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। अमृतसर उत्तर सीट से विधायक सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को भेज दिया है। सिंह के साथ पंजाब के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा भी यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। पंजाब विधानसभा से सिंह का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब ‘आप’ के दो अन्य विधायकों-समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और पटियाला जिले की सनौर सीट से हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब में पार्टी मामलों के प्रभारी सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों मौजूद थे।


भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूनिया ने आम आदमी पार्टी (आप) के तीन बागी नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं की ‘‘राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि’’ पार्टी को मजबूत करेगी और पंजाब में उसके ‘‘विजय अभियान’’ को गति देगी। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में भाजपा के पक्ष में अंदरूनी लहर है और सत्तारूढ़ आप के खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल है। नशे की समस्या पंजाब के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।’’ उन्होंने कहा कि ‘आप’ के शासन में जहां चिट्टा (मिलावटी हेरोइन) ने पंजाब के युवाओं को बर्बाद कर दिया है, वहीं ‘‘भ्रष्टाचार और अपराध’’ दो अन्य बड़ी चुनौतियां हैं, जो सीमावर्ती राज्य के लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही हैं। पूनिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में नशे की समस्या खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन ऐसा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोर देकर कहा है कि पंजाब में नशे की समस्या 31 दिसंबर 2029 तक खत्म कर दी जाएगी। भाजपा पंजाब का पुराना गौरव बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’


संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पंजाब में केवल भाजपा ही ‘‘शांति और समृद्धि’’ बहाल कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के दृष्टिकोण से पंजाब में शांति और समृद्धि बहाल की जा सकती है। हमने देखा है कि विभिन्न राज्यों में भाजपा सरकारों ने किस तरह काम किया है।’’ सिंह ने कहा, ‘‘आज आम आदमी पार्टी में मेरी पांच साल की इंटर्नशिप खत्म हो गई और मैं औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो रहा हूं। अपने अनुभव के आधार पर हम पंजाब में शांति और समृद्धि बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हमें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी लगन से निभाएंगे।’’ पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने ‘आप’ के तीन पूर्व नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए खुशी जताई। उन्होंने पंजाबी में कहा, ‘‘भाजपा में शामिल होने वालों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। अब ‘आप’ के जाने का समय आ गया है।’’

कोई टिप्पणी नहीं: