पटना : एनीमिया मुक्त बिहार हमारा संकल्प, जागरूकता और समय पर इलाज से बनेगा स्वस्थ समाज : निशांत - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 23 नवंबर 2026

पटना : एनीमिया मुक्त बिहार हमारा संकल्प, जागरूकता और समय पर इलाज से बनेगा स्वस्थ समाज : निशांत

  • वाल्मीकिनगर में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने साझा किए अपने विचार
  • बिहार के सभी 38 जिलों में चल रहा ‘एनीमिया मुक्त बिहार अभियान’, अब तक 1.50 करोड़ से अधिक की हुई स्क्रीनिंग

Anemia-free-bihar-nishant
पटना, 23 नवंबर (रजनीश के झा)। इंडियन आयुष मेडिकल एसोसिएशन की ओर से वाल्मीकिनगर में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच अपने विचार साझा किए। उन्होंने एनीमिया यानी खून की कमी को एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए इसके प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि एनीमिया का सर्वाधिक प्रभाव महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। यह समस्या न केवल उनके शारीरिक विकास को प्रभावित करती है, बल्कि उनके समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर डालती है। इस चुनौती से समाज को मुक्त करने के लिए जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।


बिहार के सभी 38 जिलों में चल रहा अभियान

एनीमिया की समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेशभर में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त से 30 नवंबर तक बिहार के सभी 38 जिलों में ‘एनीमिया मुक्त बिहार अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, ताकि बच्चों, किशोरियों और अन्य लक्षित समूहों तक जांच एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां पहुंचाई जा सकें। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 1.50 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। यह पहल एनीमिया की पहचान, समय पर उपचार और लोगों को इस समस्या के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


अभियान की सफलता में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि देश और बिहार को एनीमिया के प्रभाव से मुक्त करने की मुहिम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका समर्पण, संवेदनशीलता और सक्रिय सहभागिता ही इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आधार है। उन्होंने जागरूकता, समय पर जांच, उचित उपचार और सामूहिक सहभागिता को एनीमिया के खिलाफ लड़ाई का महत्वपूर्ण आधार बताया। साथ ही, स्वस्थ एवं सशक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सहभागिता के बीच एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: