दिल्ली : सपा-कांग्रेस भाजपा को हराने के प्रति गंभीर नहीं : चंद्रशेखर आजाद - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 22 नवंबर 2026

दिल्ली : सपा-कांग्रेस भाजपा को हराने के प्रति गंभीर नहीं : चंद्रशेखर आजाद

Chandrashekhar-rawan
नई दिल्ली। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा का एकजुट होकर मुकाबला करने के उद्देश्य से इन दोनों दलों के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में शामिल होने के वास्ते दरवाजे खुले हैं। नगीना से आजाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में यह दावा भी किया कि मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर लोगों का भरोसा कम हुआ है, जबकि उनकी आजाद समाज पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। आजाद ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ अपने गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को भाजपा की 'बी टीम' बताए जाने संबंधी आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करने वालों को जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि यह तर्क संविधान के खिलाफ है, क्योंकि संविधान के तहत सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। कुछ दिन पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नवगठित सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। आजाद ने कहा, “हमने विपक्षी गठबंधन बनाने के लिए सभी दलों से संपर्क किया था। हमने उनके जिम्मेदार नेताओं को औपचारिक रूप से संदेश भी भेजे थे। जब भी यह मुद्दा उठा, हमने मीडिया के जरिए भी कहा कि हम भाजपा को रोकने के लिए मिलकर चुनाव लड़ना चाहते हैं।” उन्होंने कहा, “लेकिन जब हमें लगा कि वे ऐसा नहीं चाहते, तो हमने अलग गठबंधन बनाने का फैसला किया। क्योंकि इससे पहले बने गठबंधन भाजपा को रोकने में सफल नहीं हुए थे।” उन्होंने कहा, “हमने 2017 और 2022 के चुनाव देखे हैं। हमारा अनुभव बताता है कि भाजपा को उसके वोट प्रतिशत के आधार पर हराने के लिए उससे अधिक वोट प्रतिशत हासिल करना जरूरी है। इसलिए एक बड़ा गठबंधन बनना चाहिए था। यही हमारी इच्छा थी और जनता की भी मांग थी। लेकिन हम इसमें सफल नहीं हो सके, क्योंकि इन विपक्षी दलों में भाजपा को रोकने की इच्छाशक्ति ही नहीं है।” 


सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आजाद ने दावा किया कि वे भाजपा को हराने के लिए बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा, “वे 2024 में भी गंभीर नहीं थे, 2017 में भी नहीं और 2019 में भी नहीं। वे आगे भी गंभीर नहीं होंगे, क्योंकि गरीब और कमजोर लोगों पर अत्याचार होते हैं। इन नेताओं को खुद किन अत्याचारों का सामना करना पड़ रहा है?” एआईएमआईएम के साथ नए गठबंधन की चुनाव में जीत की संभावनाओं के सवाल पर आजाद ने कहा कि राजनीति में कुछ भी पहले से तय नहीं होता और वे पूरी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमें पूरा भरोसा है कि यह गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा और भाजपा को हराने में सक्षम है। लंबे समय तक इस गठबंधन को बनने से रोका गया। कई कोशिशें की गईं, ताकि अधिक वोट प्रतिशत वाले समुदायों का गठबंधन न बन सके।” आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने सपा-कांग्रेस को प्रस्ताव दिया है कि वे 26 नवंबर को मोर्चे का शक्ति प्रदर्शन देखें और इसके बाद फैसला करें कि उत्तर प्रदेश को कैसे बचाया जा सकता है। आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन की ओर से 26 नवंबर को लखनऊ में एक रैली आयोजित की जानी है। इस रैली में मोर्चे की एकजुटता दिखाई जाएगी और आगे की रणनीति बताई जाएगी। कांग्रेस और सपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर आजाद ने कहा, “हां... हमने उनसे कहा है कि हम कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भाजपा को हराना चाहता है और इस मिशन में शामिल होने के लिए उनका स्वागत है।”  उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे (सपा-कांग्रेस) भी साथ आ जाते हैं, तो लोग भी एकजुट हो जाएंगे। इसके बाद भाजपा की हार को लेकर कोई संदेह नहीं रह जाएगा।” 


उत्तर प्रदेश में बसपा के कमजोर होने के सवाल पर आजाद ने कहा कि पार्टी के प्रति लोगों का भरोसा कम हुआ है। उन्होंने कहा, “यह भरोसा क्यों कम हुआ, इसका विश्लेषण उन्हें खुद करना चाहिए। 2007 में बसपा का वोट प्रतिशत 30 फीसदी था। आज यह घटकर 9 फीसदी रह गया है। 21 फीसदी का यह अंतर साफ दिखाता है कि चुनाव दर चुनाव लोगों का भरोसा उस पर कम हुआ है। आज लोगों का भरोसा इतना कम हो गया है कि किसी भी सदन में उनका एक भी प्रतिनिधि नहीं है। न लोकसभा में, न विधानसभा में और न ही राज्यसभा में।’’ दूसरी ओर, उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। भाजपा की 'बी टीम' बताए जाने के आरोप पर आजाद ने कहा कि ऐसा कहने वालों को समय और जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा, “बी टीम की परिभाषा क्या है? अगर अकेले चुनाव लड़ने से कोई बी टीम बन जाता है, तो 2022 में कांग्रेस ने सपा के खिलाफ 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और करीब 300 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई थी। तब वह बी टीम थी या ए टीम? कांग्रेस के नेताओं को इसका जवाब देना चाहिए।” आजाद ने कहा, “कांग्रेस के नेता पूछते हैं कि हमने किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया। आपने उत्तर प्रदेश में 30 साल तक शासन किया। आपने कितने मुस्लिम, दलित या पिछड़े वर्ग के नेताओं को मुख्यमंत्री बनाया?” उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश में सपा ने कांग्रेस के खिलाफ 70 सीट पर और उत्तराखंड में 54 सीट पर चुनाव लड़ा था। तब वह बी टीम थी या ए टीम? जम्मू-कश्मीर में सपा ने इंडिया गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के खिलाफ टेलीफोन चुनाव चिह्न पर 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था।”


उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने भी इंडिया गठबंधन में रहते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन अब वह आप को बी टीम बताती है। वहीं, अरविंद केजरीवाल अखिलेश यादव के साथ बैठते हैं। इन लोगों को लगता है कि नेता, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री सिर्फ उन्हें ही बनना चाहिए। वे सत्ता को अपनी पुश्तैनी संपत्ति समझते हैं।”  आजाद ने कहा कि इस देश में लोकतंत्र है, राजतंत्र नहीं। उन्होंने कहा कि जनता तय करेगी कि सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा।  उन्होंने आरोप लगाया, “संविधान विरोधी ये नेता भाजपा को हरा नहीं सके। अब जब कोई दूसरा गठबंधन भाजपा को हराने की कोशिश कर रहा है, तो वे भगवा पार्टी को बचाने के लिए आरोप लगा रहे हैं।”  आजाद ने मीडिया में आई खबरों को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि उनका गठबंधन 150 सीट पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेगा और एनडीए तथा दूसरे 'फर्जी गठबंधनों' की जमानत जब्त कराएगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा के 10 साल के शासन पर निशाना साधते हुए आजाद ने कहा कि इतिहास इस कार्यकाल को ऐसे दौर के रूप में याद करेगा, जिसमें खुलेआम लोकतंत्र की हत्या हुई और संवैधानिक मूल्यों पर बड़े हमले किए गए। उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: