उसने कहा, ‘‘कारण बताओ नोटिस और विवादित आदेश के अवलोकन से पता चलता है कि इनमें ऐसी किसी भी भारत विरोधी गतिविधि का स्पष्ट विवरण नहीं है जिसमें याचिकाकर्ता कथित तौर पर शामिल थीं। इस कारण उन्हें आरोपों के संबंध में स्पष्टीकरण देने का अवसर नहीं मिला। इन तथ्यों को देखते हुए अदालत का मानना है कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया है।’’ अदालत ने कहा, ‘‘याचिकाकर्ता को अपने खिलाफ लगे आरोपों का जवाब देने का उचित अवसर प्रदान किए बिना नागरिकता अधिनियम की धारा 7बी के तहत मिले उनके अधिकार नहीं छीने जा सकते।’’ नागरिकता अधिनियम की धारा 7बी में ओसीआई कार्डधारकों को दिए गए अधिकारों का प्रावधान है। अदालत ने यह भी कहा कि यदि अधिकारी नए नोटिस में आरोपों के स्पष्ट कारण नहीं बता सकते तो उन्हें संवेदनशील जानकारी हटाकर संबंधित सामग्री का सार विल्सन को उपलब्ध कराना चाहिए या उन्हें संबंधित दस्तावेजों का निरीक्षण करने की अनुमति देनी चाहिए। केंद्र सरकार ने 2023 में विल्सन का ओसीआई कार्ड यह आरोप लगाते हुए रद्द कर दिया था कि वह ‘‘भारत सरकार को नुकसान पहुंचाने वाला दुष्प्रचार करने’’ में शामिल थीं। विल्सन ने अपनी याचिका में दलील दी कि 17 मार्च 2023 को उनका ओसीआई कार्ड रद्द करने का आदेश पहली नजर में ही गैरकानूनी और मनमाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने उचित विचार किए बिना और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन करते हुए यह आदेश जारी किया था। भारत में जन्मी विल्सन ने 2009 में अपना भारतीय पासपोर्ट जमा कर दिया था और ब्रिटेन की नागरिकता ले ली थी।
नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय मूल की पत्रकार अमृत विल्सन का विदेशी भारतीय नागरिक (ओसीआई) कार्ड रद्द करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस और आदेश में उनकी कथित भारत विरोधी गतिविधियों का कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। अदालत ने प्राधिकारियों को कार्ड रद्द करने के कारणों का विस्तृत उल्लेख करते हुए नया नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति अमित महाजन ने विल्सन की उस याचिका पर यह आदेश दिया जिसमें उन्होंने 2023 में उनका ओसीआई कार्ड रद्द करने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती दी थी। अदालत ने 19 नवंबर को पारित आदेश में प्राधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आरोपों का स्पष्ट विवरण देते हुए नया कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उसने विल्सन को जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया और अधिकारियों को उसके बाद दो सप्ताह के भीतर आदेश पारित करने को कहा। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि ओसीआई कार्ड रद्द करने का मौजूदा आदेश चार सप्ताह तक या नया आदेश पारित होने तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगा। अदालत ने कहा कि आरोपों का स्पष्ट विवरण नहीं दिए जाने के कारण विल्सन को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर नहीं मिला तथा उनकी याचिका पर केंद्र सरकार की ओर से दाखिल जवाब में भी कोई ठोस कारण नहीं बताया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें