उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि अदालतों में एआई का सबसे अच्छा इस्तेमाल उन उबाऊ कामों के लिए है। परेशानी तब शुरू होती है, जब इस प्रौद्योगिकी से कुछ ज्यादा दिलचस्प काम कराने की कोशिश की जाती है।’’ एआई से कानूनी मामलों में फर्जी संदर्भ तैयार होने की घटनाओं का जिक्र करते हुए चंद्रचूड़ ने न्यायालय के दो मामलों का उल्लेख किया, जिनमें न्यायिक फैसलों के फर्जी संदर्भ दिए गए थे। उन्होंने बताया कि एक मामले में आंध्र प्रदेश की एक निचली अदालत ने उच्चतम न्यायालय के चार ऐसे फैसलों पर भरोसा किया, जिनका वास्तव में कोई अस्तित्व नहीं था। बाद में शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसे फैसलों के आधार पर निर्णय देना केवल गलती नहीं, बल्कि कदाचार है। उन्होंने कहा कि एक अन्य मामले में एक न्यायाधिकरण के आदेशों में उच्चतम न्यायालय के वास्तविक फैसलों का हवाला दिया गया था, लेकिन उन फैसलों के नाम पर कुछ ऐसे अंश भी शामिल किए गए थे, जो वास्तव में उनमें मौजूद नहीं थे। चंद्रचूड़ ने कहा, ‘‘किसी ऐसे कानूनी दस्तावेज का हवाला, जिसका अस्तित्व ही नहीं है, 30 सेकंड में पकड़ा जा सकता है। लेकिन किसी वास्तविक फैसले में अपनी ओर से कोई अनुच्छेद जोड़ देने पर सामान्य जांच में इसका पता नहीं चलेगा।’’ उन्होंने कहा कि एआई से तैयार किए गए हर कानूनी संदर्भ और हर अनुवाद की जांच किसी व्यक्ति द्वारा की जानी चाहिए और इसके हर इस्तेमाल का रिकॉर्ड रखा जाना चाहिए।
नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने शनिवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) अदालतों के नीरस और रोजमर्रा के कामों में मदद कर सकती है, लेकिन फैसले लेने और उसके कारण बताने की जिम्मेदारी न्यायाधीश की ही रहनी चाहिए। एआई से संबंधित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हर फैसले पर किसी व्यक्ति को ही विचार करना चाहिए और उस पर उसी के हस्ताक्षर होने चाहिए। चंद्रचूड़ ने कहा, ‘‘देखिए, इन एआई उपकरणों में क्या समानता है। वे सुनवाई का लिखित ब्योरा तैयार करने, अनुवाद करने, मामलों को सूचीबद्ध करने और दस्तावेजों की कमियों की जांच करने जैसे काम करते हैं। ये नीरस काम हैं और अदालतों का सबसे अधिक समय इन्हीं में खर्च होता है। भारतीय न्याय व्यवस्था की विडंबना यह है कि न्यायाधीश अपना समय उन कामों में लगाते हैं, जिनमें उनका समय सबसे कम लगना चाहिए। ये नीरस और रोजमर्रा के काम हैं, जबकि उन्हें अपना अधिकतर समय तुरंत फैसले लेने पर लगाना चाहिए।’’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें