पटना : सभी जिलों में खाद्य संरक्षा अभियान का विस्तार होगा, चार जिलों में नई प्रयोगशालाएं प्रस्तावित : निशांत* - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

पटना : सभी जिलों में खाद्य संरक्षा अभियान का विस्तार होगा, चार जिलों में नई प्रयोगशालाएं प्रस्तावित : निशांत*

  • स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने 26 नवप्रशिक्षित खाद्य संरक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किए
  • पदस्थापना से बिहार के सभी जिलों में खाद्य संरक्षा अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी

Food-security-meeting-bihar
पटना, 6 नवंबर (रजनीश के झा)। माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में 26 नवप्रशिक्षित खाद्य संरक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने के प्रमाणपत्र प्रदान किया। इन अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया गया है। इनकी पदस्थापना से बिहार के सभी जिलों में खाद्य संरक्षा अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है। इससे जिला स्तर पर खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच और मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई में तेजी आएगी।


सभी जिलों में खाद्य संरक्षा अभियान का विस्तार होगा, चार जिलों में नई प्रयोगशालाएं प्रस्तावित

Food-security-meeting-bihar
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि राज्य के लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विभागीय सचिव और अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद खाद्य संरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में 26 नवप्रशिक्षित अधिकारियों की विभिन्न जिलों में पदस्थापना की जा रही है। मंत्री ने अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और तत्परता से करने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पहले मानवबल की कमी के कारण खाद्य संरक्षा संबंधी गतिविधियां मुख्य रूप से पटना पर केंद्रित थीं। नए अधिकारियों की पदस्थापना के बाद पूरे राज्य में खाद्य संरक्षा अभियान का विस्तार किया जाएगा। खाद्य संरक्षा संबंधी गतिविधियां सिर्फ त्योहारों में नहीं बल्कि सालो भर चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि पटना स्थित खाद्य जांच प्रयोगशाला का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके साथ ही भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर और पूर्णिया में नई खाद्य जांच प्रयोगशालाएं स्थापित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि खाद्य संरक्षा से जुड़ी किसी अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग द्वारा जारी नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।


प्रतिष्ठानों को मानकों के प्रति जागरूक करें और सुधार का अवसर दें, स्वास्थ्य सचिव

स्वास्थ्य विभाग के सचिव सह खाद्य संरक्षा निदेशक श्री कुमार रवि ने नवप्रशिक्षित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और जिम्मेदारी से करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों को संरक्षा मानकों की जानकारी देना और जहां सुधार की आवश्यकता हो, वहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार का अवसर देना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। श्री कुमार रवि ने कहा कि खाद्य संरक्षा का कार्य सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ा है। अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संरक्षा से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी अद्यतन रखनी चाहिए। उन्हें खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों और उनके संभावित प्रभावों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जिले में वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा।


40 दिवसीय प्रशिक्षण में निरीक्षण, नमूना संकलन और प्रवर्तन का अभ्यास

खाद्य संरक्षा अधिकारी के रिक्त पदों पर कार्य करने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप चयनित 26 चिकित्सकों, पदाधिकारियों और कर्मियों ने 40 दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा किया। इसमें 14 दिन का कक्षा प्रशिक्षण और 26 दिन का व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल था। कक्षा प्रशिक्षण तेलंगाना स्थित डॉ. मैरी चेन्ना रेड्डी मानव संसाधन विकास संस्थान में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के 50वें प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत दिया गया। व्यावहारिक प्रशिक्षण पटना के शास्त्री नगर स्थित डी.एन.एस. क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और उत्पादन मानकों के अनुपालन की जांच, दुग्ध एवं मांस प्रसंस्करण इकाइयों जैसे अधिक जोखिम वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने का अभ्यास किया। उन्हें नमूने प्रयोगशाला में जमा करने, खाद्य विश्लेषण रिपोर्ट समझने और मानकों के उल्लंघन पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा, उन्हें खाद्य संरक्षा से संबंधित ऑनलाइन पोर्टलों के उपयोग और निगरानी योजना तैयार करने की जानकारी दी गई।


खाद्य संरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी

स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और छापेमारी कर रही है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। नवप्रशिक्षित अधिकारियों की पदस्थापना से जिला स्तर पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी और प्रवर्तन कार्यों को मजबूती मिलेगी। प्रमाणपत्र वितरण समारोह में स्वास्थ्य विभाग के सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के साथ स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव श्री धनंजय कुमार, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक श्री सुब्रत कुमार सेन, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक श्री नवल किशोर चौधरी, राज्य आयुष समिति के कार्यपालक निदेशक श्री वैभव चौधरी, स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री सुरेंद्र राय, अन्य वरीय पदाधिकारी तथा नवप्रशिक्षित खाद्य संरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: