सीहोर : कुबेरेश्वरधाम पर संपन्न हुआ श्री हरि-हर मिलन महोत्सव, पालकी में निकली भगवान की शोभायात्रा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 24 नवंबर 2026

सीहोर : कुबेरेश्वरधाम पर संपन्न हुआ श्री हरि-हर मिलन महोत्सव, पालकी में निकली भगवान की शोभायात्रा

  • हजारों श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजों के साथ लगाए जयकारे, भगवान शिव ने श्रीहरि विष्णु को सौंपी सृष्टि की सत्ता,तुलसी और बेलपत्र की मालाओं से होता है दिव्य पूजन
  • कमजोर की रक्षा करना और जरूरतमंद की सहायता करना भी धर्म का ही मार्ग है : अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा

Hari-milan-mahotsav-sehore
सीहोर। धर्म केवल पूजा-पाठ, मंदिर जाने और भगवान के सामने दीप प्रज्ज्वलित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सच्चे अर्थों में धर्म वह है, जो हमें दूसरों के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। सत्य बोलना, अन्याय का विरोध करना, कमजोर की रक्षा करना और जरूरतमंद की सहायता करना भी धर्म का ही मार्ग है। भगवान शिव सभी का कल्याण करते हैं। मनुष्य को अपने जीवन में भक्ति के साथ-साथ सेवा, सद्भाव और परोपकार को भी स्थान देना चाहिए। जब हम किसी दुखी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं और किसी असहाय का सहारा बनते हैं, तभी हमारी भक्ति सार्थक होती है। उक्त विचार अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्री हरि-हर मिलन महोत्सव के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। हरिहर महोत्सव के पावन अवसर पर कुबेरेश्वरधाम में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्री हरि-हर मिलन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दिव्य आयोजन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। शाम होते ही मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह देखते ही बन रहा था। ग्वालियर से आए प्रसिद्ध बैंड-बाजों की मधुर धुनों और ढोल-नगाड़ों के बीच भगवान की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में निकले इस चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा।


पालकी शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

Hari-milan-mahotsav-sehore
श्री हरि-हर मिलन के दिव्य दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से सजाया गया था। जैसे ही बैंड-बाजों के साथ पालकी शोभायात्रा प्रारंभ हुई, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में चल समारोह में शामिल हुए। श्रद्धालु भक्ति गीतों और भगवान के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। आयोजन के दौरान भगवान शिव और भगवान विष्णु के मिलन का अद्भुत धार्मिक दृश्य उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि सनातन धर्म हमें सभी के प्रति प्रेम, करुणा और सद्भाव रखने की शिक्षा देता है। भगवान शिव की आराधना करने वाला व्यक्ति कभी किसी का अहित करने की भावना नहीं रख सकता। हमें अपने जीवन में भगवान के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। किसी गरीब और जरूरतमंद की मदद करना, किसी असहाय को सहारा देना तथा किसी कमजोर व्यक्ति के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध खड़ा होना भी भगवान की सच्ची सेवा है। केवल धार्मिक आयोजन में शामिल होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वहां से प्राप्त संस्कारों को अपने व्यवहार में उतारना भी आवश्यक है।


भगवान शिव और श्रीहरि विष्णु के मिलन का विशेष महत्व

पंडित मिश्रा ने वैकुंठ चतुर्दशी पर होने वाले श्री हरि-हर मिलन की पौराणिक मान्यता के बारे में बताते हुए कहा कि सनातन परंपरा में भगवान शिव और भगवान विष्णु को एक-दूसरे का पूरक माना गया है। दोनों के बीच का यह दिव्य मिलन सृष्टि के संचालन, संतुलन और लोककल्याण का संदेश देता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु पाताल लोक में राजा बलि के यहां विश्राम करते हैं। इस अवधि में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव के पास रहता है। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी के दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु का विशेष मिलन होता है। इस अवसर पर भगवान शिव श्रीहरि विष्णु को सृष्टि के संचालन का दायित्व पुन: सौंपते हैं और स्वयं कैलाश पर्वत पर तपस्या के लिए लौट जाते हैं। इसी दिव्य प्रसंग को हरि-हर मिलन अथवा हरिहर भेंट के नाम से जाना जाता है।


तुलसी और बेलपत्र की मालाओं से होता है दिव्य पूजन

इस धार्मिक परंपरा में भगवान विष्णु द्वारा भगवान शिव को तुलसी की माला अर्पित की जाती है, जबकि भगवान शिव श्रीहरि विष्णु को बेलपत्र की माला अर्पित करते हैं। यह अनुष्ठान दोनों देवों के प्रति परस्पर श्रद्धा और एकात्म भाव का प्रतीक माना जाता है। इस अद्भुत परंपरा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु वर्षभर प्रतीक्षा करते हैं। कुबेरेश्वरधाम में आयोजित श्री हरि-हर मिलन महोत्सव में भी हजारों श्रद्धालुओं ने इस दिव्य प्रसंग के दर्शन कर स्वयं को धन्य माना।


सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का संदेश

पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव ने एक बार फिर भगवान शिव और भगवान विष्णु की आराधना के साथ सनातन संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान की भक्ति में अहंकार का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। व्यक्ति चाहे कितना भी धनवान और सामर्थ्यवान क्यों न हो, उसे हमेशा विनम्र रहना चाहिए और अपने सामर्थ्य के अनुसार दूसरों की सहायता करनी चाहिए। जीवन में धर्म, कर्म और सेवा का संतुलन बनाए रखना ही सच्ची आध्यात्मिकता है। श्री हरि-हर मिलन के इस पावन अवसर पर कुबेरेश्वरधाम में देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। हजारों भक्तों ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। बैंड-बाजों, भजन-कीर्तन, जयकारों और भव्य पालकी शोभायात्रा के बीच संपन्न हुआ यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।

कोई टिप्पणी नहीं: