दिल्ली : भारत-जापान वार्ता में जयशंकर ने संसाधनों को ‘हथियार’ के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर जताई चिंता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 19 नवंबर 2026

दिल्ली : भारत-जापान वार्ता में जयशंकर ने संसाधनों को ‘हथियार’ के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर जताई चिंता

Indo-japan-defence-talk
नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बृहस्पतिवार को संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति शृंखलाओं को ‘‘हथियार’’ के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई और वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत-जापान के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देशों ने पनडुब्बी क्षेत्र की विशिष्ट तकनीकों और मिसाइल प्रौद्योगिकी में सहयोग तेज करने तथा समुद्री सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बृहस्पतिवार को तोक्यो में आयोजित भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता में शामिल हुए, जिसे 2+2 बैठक भी कहा जाता है। जयशंकर और राजनाथ ने अपने-अपने जापानी समकक्षों - विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता भी की। वार्ता के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था इस समय कई तरह के झटकों का सामना कर रही है, जिनमें फिलहाल जारी दो बड़े संघर्ष, आर्थिक अस्थिरता और कोविड-19 महामारी के दुष्प्रभाव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों ने ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का प्रभाव संबंधित क्षेत्रों से कहीं आगे तक पड़ा है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार, समुद्री परिवहन और खाद्य सुरक्षा प्रभावित हुई है। मंत्री ने कहा, ‘‘हमने संपर्क मार्गों, संसाधनों, सेवाओं, आपूर्ति शृंखलाओं और बाजार हिस्सेदारी को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चर्चा की।’’ उन्होंने कहा कि इनमें से कई घटनाक्रम का राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा प्रभाव पड़ता है। जयशंकर ने कहा, ‘‘इस संदर्भ में अपनी क्षमताओं को मजबूत करना तथा नए विकल्प तलाशना महत्वपूर्ण है।’’ 


बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों ने हाल ही में हस्ताक्षरित समुद्री सुरक्षा सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन को ठोस सहयोग में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने पर सहमति जताई है, जिसमें समुद्री और हवाई क्षेत्र की निगरानी, खोज एवं बचाव अभियान तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने पनडुब्बी क्षेत्र की विशिष्ट तकनीकों और मिसाइल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग तेज करने पर सहमति जताई।’’ दोनों देशों ने ‘‘जापान के साथ डिजाइन, मेक इन इंडिया’’ की रूपरेखा के तहत रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी आगे बढ़ने की इच्छा जताई। साथ ही, उन्होंने यूनीकार्न से जुड़े समझौतों को जल्द अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद जताई। इन समझौतों का संबंध भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के लिए एकीकृत एंटीना मस्तूलों के सह-विकास से है। सिंह ने कहा कि दोनों पक्ष समुद्री जहाजों की मरम्मत की सुविधाएं एक-दूसरे को उपलब्ध कराने के लिए समुद्री जहाज मरम्मत व्यवस्था को जल्द अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर भी सहमत हुए। इसके अलावा, उन्होंने बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमताओं के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया। जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मुक्त और खुला रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और इस प्रयास में अन्य क्वाड साझेदार (अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया सदस्य हैं) भी उनके साथ जुड़े हुए हैं। जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र के अनुभवों के मद्देनजर संपर्क मार्गों और महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को लेकर बढ़ती चिंताओं का भी उल्लेख किया और समुद्री व्यापार का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। 


जयशंकर ने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि समुद्री व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो, क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय वाणिज्य का केंद्र है। हमारा समुद्री सहयोग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।’’  जयशंकर की यह टिप्पणी पश्चिम एशिया के प्रमुख समुद्री मार्गों, विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच आई है। इन हमलों में कई भारतीय नाविकों की मौत हुई है। सुरक्षा संबंधी स्थिति ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्गों से होने वाले समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। जयशंकर ने कहा कि दोनों देश इस संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन के महत्व पर भी सहमत हुए। उन्होंने कहा कि वार्ता में युद्ध के बदलते स्वरूप, आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल और नवोन्मेषी समाधानों जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान बहुध्रुवीय एशिया और बहुध्रुवीय विश्व के पक्षधर हैं तथा दोनों देश बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार के प्रबल समर्थक रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत और जापान के बीच मजबूत संबंध निश्चित रूप से अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’’ 2+2 वार्ता प्रारूप के तहत दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री अपनी रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करते हैं तथा विदेश नीति, रक्षा और क्षेत्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: