दरभंगा : जयेश मिश्रा ने वेस्टर्न एशियन अंडर-16 रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 3 नवंबर 2026

दरभंगा : जयेश मिश्रा ने वेस्टर्न एशियन अंडर-16 रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

  • अहमदाबाद में शानदार प्रदर्शन कर बने एशिया यूथ शतरंज चैंपियन, ब्लिट्ज स्पर्धा में भी हासिल किया चौथा स्थान

Jayesh-mishra-darbhanga
दरभंगा, 03 नवंबर (रजनीश के झा) । गुजरात के अहमदाबाद स्थित राजपथ क्लब में आयोजित वेस्टर्न एशियन अंडर-16 रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में बिहार के प्रतिभावान खिलाड़ी जयेश मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।  सात चक्रों में आयोजित इस प्रतियोगिता में जयेश ने पांच जीत और एक ड्रॉ के साथ कुल 5.5 अंक अर्जित कर खिताब पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि से दरभंगा सहित पूरे बिहार और देश का गौरव बढ़ा है। इस जीत के साथ उन्होंने एशिया यूथ शतरंज चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता की ब्लिट्ज स्पर्धा में भी जयेश ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन से ब्लिट्ज रेटिंग में भी 90 से अधिक अंकों की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।


जयेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए बताया कि बचपन में उनके पिता सुशांत कुमार ने उन्हें शतरंज की बारीकियां सिखाईं और खेल के प्रति रुचि विकसित की। बाद में किलकारी दरभंगा के प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी साकेत कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। उनकी माता मेनका कुमारी शिक्षिका हैं। प्रशिक्षक साकेत कुमार चौधरी ने जयेश की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और लगन का यह सुखद परिणाम है। सटीक चालों और उत्कृष्ट खेल कौशल के बल पर जयेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने जयेश को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने खेल जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जयेश के कोच, माता-पिता तथा उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास की सराहना की। जयेश की इस ऐतिहासिक सफलता से जिले के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर किलकारी के प्रमंडलीय समन्वयक रवि भूषण मुकुल, पूजा कुमारी, शशि रंजन, आर्यन कुमार सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं: