पूर्णिया : प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

पूर्णिया : प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Natural-organic-farming-training-purnia
पूर्णिया, 12 नवंबर, (रजनीश के झा) । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना एवं कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्णिया के संयुक्त तत्वावधान में “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत दिनांक 12 नवंबर, 2026 को पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के रैलिया गांव, आमगाछी पंचायत में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल एवं कम लागत वाली कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता को कम करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती के महत्व और इनके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग तथा जैविक एवं स्थानीय संसाधनों को अपनाकर खेती की लागत कम करने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता और कृषि उत्पादन की दीर्घकालिक स्थिरता को बनाए रखा जा सकता है।


विशेषज्ञों ने किसानों को फसल विविधीकरण, दलहनी फसलों के महत्व तथा मक्का आधारित कृषि प्रणाली में अन्य उपयुक्त फसलों को शामिल करने के लाभों से अवगत कराया। बताया गया कि दलहनी फसलों को खेती प्रणाली में शामिल करने से न केवल किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकते हैं, बल्कि मृदा की गुणवत्ता में सुधार करने में भी सहायता मिलती है। इसी प्रकार सरसों जैसी तिलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसान अपनी कृषि आय में वृद्धि कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा विभिन्न फसलों की उत्पादन तकनीकों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा उपलब्ध प्राकृतिक एवं जैविक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में 109 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 62 पुरुष एवं 47 महिला किसान शामिल थीं। इस अवसर पर श्री अभिषेक कुमार, भा.कृ.अनु.प.पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना, डॉ. संजय मेहता, एसएमएस (बागवानी), श्री अनमोल कुमार, एसएमएस (कृषि प्रसार), श्री आदित्य रंजन, बीटीएम, अमौर तथा श्री विपिन कुमार सहित संबंधित कृषि कर्मियों एवं किसानों की सहभागिता रही।

कोई टिप्पणी नहीं: