मधुबनी : जिले की सड़कों एवं पुलों को दुरुस्त करने की व्यापक पहल, 69 टीमों का हुआ गठन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

मधुबनी : जिले की सड़कों एवं पुलों को दुरुस्त करने की व्यापक पहल, 69 टीमों का हुआ गठन

  • महिलाओं, व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता; डीएम ने सड़कों की जांच एवं मरम्मत के लिए तय की जवाबदेही

Road-reapair-madhubani
मधुबनी, 6 नवंबर (रजनीश के झा) । जिले के सर्वांगीण विकास को गति प्रदान करने, आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को सुचारु, सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा द्वारा कायाकल्प अभियान के तहत व्यापक पहल की गई है। इस अभियान के अंतर्गत जहां सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों का जीर्णोद्धार कर उन्हें स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं जनोपयोगी बनाया जा रहा है, वहीं अब जिले की सड़कों एवं पुल-पुलियों को भी सुदृढ़, सुरक्षित एवं आवागमन के अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में  आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जिले की सड़कों एवं पुलों की व्यापक जांच एवं आकलन कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य यह है कि पर्व के दौरान एवं बाद मे भी लोगों को अपने घरों से घाटों तक पहुंचने तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।


इस कार्य को योजनाबद्ध, प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिले में कुल 69 जांच टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में संबंधित विभाग के सहायक अभियंता/कनीय अभियंता के साथ-साथ प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। सभी टीमों को उनके क्षेत्राधीन निर्धारित सड़कों की सूची उपलब्ध कराते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे स्थल निरीक्षण कर सड़कों की वर्तमान स्थिति, क्षतिग्रस्त हिस्सों, गड्ढों, पुल-पुलियों की स्थिति तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों का विस्तृत आकलन करें और अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण  एवं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधीन आने वाली सड़कों तथा पुल-पुलियों की आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होते ही मरम्मत कार्य अविलंब प्रारंभ करें ताकि आम लोग शीघ्र लाभान्वित हो सके। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को कहा है कि सड़कों एवं पुलों की मरम्मत में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया है।


जिला पदाधिकारी की इस पहल का सीधा लाभ जिले के आम नागरिकों को मिलेगा। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से छठ घाटों तक जाने वाली महिलाओं, व्रतियों, बुजुर्गों एवं बच्चों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। सड़कों के गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी तथा दैनिक आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच, विद्यार्थियों के विद्यालय आने-जाने और अन्य आवश्यक गतिविधियों को भी सहूलियत मिलेगी। जिलाधिकारी की इस पहल में केवल पर्व के अवसर पर अस्थायी सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य नहीं है, बल्कि जिले की आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाकर आम लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं सुगम बनाना प्रमुख लक्ष्य है। 69 टीमों के माध्यम से जमीनी स्तर पर जांच, विभागवार जिम्मेदारी का निर्धारण तथा समयबद्ध मरम्मत की व्यवस्था इस दिशा में प्रशासन की सक्रियता, संवेदनशीलता एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता है।

कोई टिप्पणी नहीं: