दरभंगा : पूर्व से संचालित कैंसर हॉस्पिटल के आधे हिस्से में संचालित होगा सदर अस्पताल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 18 नवंबर 2026

दरभंगा : पूर्व से संचालित कैंसर हॉस्पिटल के आधे हिस्से में संचालित होगा सदर अस्पताल

Sadar-hospital-darbhanga
पटना, 18 नवंबर (रजनीश के झा) : बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत, दरभंगा जिले के गंगवारा में स्थित 100 शय्या वाले अस्पताल भवन में पूर्व से संचालित कैंसर अस्पताल के आधे हिस्से में अब सदर अस्पताल का संचालन भी किया जाएगा। राज्य मंत्रिपरिषद ने इस प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। योजना के अनुसार, अस्पताल भवन के दाहिने हिस्से में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के माध्यम से सिर, मुंह एवं गर्दन (हेड एंड नेक) के कैंसर अस्पताल का संचालन जारी रहेगा, जबकि बाएं हिस्से में सदर अस्पताल की सेवाएं मरीजों को मिलेंगी।


वर्ष 2019 में मिली थी अस्पताल भवन के निर्माण की स्वीकृति

दरभंगा जिले की आबादी, जनसंख्या घनत्व, बाढ़ एवं अन्य आपदाओं तथा केन्द्र और राज्य सरकार के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन को ध्यान में रखते हुए 20 नवंबर 2019 को गंगवारा में 100 शय्या वाले सदर अस्पताल के भवन निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद सिर, मुँह एवं गर्दन के कैंसर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 जनवरी 2024 को मंत्रिपरिषद की बैठक में इस अस्पताल भवन को उपकरणों सहित निर्धारित शर्तों के तहत 10 वर्षों के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र, मुजफ्फरपुर को सौंपने की स्वीकृति दी गई थी। इसके लिए 7 मार्च 2024 को स्वास्थ्य विभाग और संस्थान के बीच सहमति ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे। अस्पताल के रखरखाव की जिम्मेदारी संस्थान को दी गई है, जबकि भवन का स्वामित्व राज्य सरकार के पास है।


आपसी सहमति से होगा अस्पताल भवन का विभाजन

जिला स्वास्थ्य समिति, दरभंगा और होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र, मुजफ्फरपुर की संयुक्त बैठक में अस्पताल भवन को दो हिस्सों में विभाजित कर दोनों अस्पतालों के संचालन का प्रस्ताव तैयार किया गया। संस्थान ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति प्रदान की है।


डीएमसीएच पर कम होगा मरीजों का दबाव

वर्तमान में दरभंगा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों से उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, दुर्घटना एवं हृदयाघात जैसे गंभीर मामलों के मरीजों को सीधे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर किया जाता है। इससे डीएमसीएच पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव पड़ता है। गंगवारा में सदर अस्पताल के संचालन से जिला स्तर पर द्वितीयक चिकित्सा सेवाएं मजबूत होंगी। मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक उपचार उपलब्ध होगा और डीएमसीएच में अनावश्यक रेफरल को कम करने में मदद मिलेगी।


सदर अस्पताल के संचालन पर 2 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान

सदर अस्पताल के संचालन पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 में इस राशि में वृद्धि होगी। अस्पताल में निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सकों, पारामेडिकल एवं अन्य कर्मियों के पदों का सृजन और पदस्थापन किया जाएगा। तब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिनियुक्त कर्मियों के माध्यम से अस्पताल का संचालन किया जाएगा।


सात निश्चय-3 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का हो रहा विस्तार

राज्य सरकार सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के रूप में विकसित कर रही है। साथ ही, जिला अस्पतालों को सुदृढ़ करने और रेफरल व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गंगवारा में दोनों अस्पतालों का संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे दरभंगा सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: