वाराणसी : व्यापारिक एकजुटता के साथ सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाएं व्यापारी : रविंद्र जायसवाल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 10 नवंबर 2026

वाराणसी : व्यापारिक एकजुटता के साथ सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाएं व्यापारी : रविंद्र जायसवाल

  • कुटीर उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था की नींव, ‘वोकल फॉर लोकल’ से विकसित भारत का संकल्प
  • काशी बिस्कुट एंड कन्फेक्शनरी व्यापार मंडल के दीपावली महोत्सव में उमड़ा उल्लास, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे व्यापारी और परिजन

Small-industries-build-india
वाराणसी (सुरेश गांधी)। दीपों की जगमगाहट, अपनों का अपनापन और व्यापारिक एकजुटता का संकल्प...। दीपावली के उल्लास ने मंगलवार को चौकाघाट स्थित सिटी गार्डन लॉन में कुछ ऐसा ही रंग बिखेरा। वाराणसी व्यापार मंडल से संबद्ध काशी बिस्कुट एंड कन्फेक्शनरी व्यापार मंडल की ओर से आयोजित वार्षिक दीपावली महोत्सव में व्यापारियों ने परिवार सहित सहभागिता कर खुशियां साझा कीं। समारोह में जहां गीत-संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर लोग देर तक थिरकते रहे, वहीं व्यापारिक समस्याओं, संगठन की मजबूती और सामाजिक दायित्वों पर भी गंभीर विमर्श हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल रहे। अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन मंत्री, वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं काशी बिस्कुट एंड कन्फेक्शनरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने की। इस अवसर पर सभी व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ डाला छठ की अग्रिम बधाई दी गई।


अपने संबोधन में अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि कुटीर उद्योग भारतवर्ष की अर्थव्यवस्था की नींव हैं। इन उद्योगों का महत्व केवल उत्पादन और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने आसपास के समाज के सुख-दुख में भी सहभागी बनते हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'वोकल फॉर लोकल' का आह्वान किया है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ ही देश को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब स्थानीय उत्पादों, छोटे कारोबारियों और कुटीर उद्योगों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों से आपसी सहयोग और संगठनात्मक एकता बनाए रखने की अपील की। वाराणसी व्यापार मंडल के महामंत्री कविंद्र जायसवाल ने व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि व्यापारी केवल कारोबार तक अपनी भूमिका सीमित न रखें, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। समाज की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता भी व्यापारी समुदाय का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश निरंकारी ने भी व्यापारियों को शुभकामनाएं देते हुए कारोबार में निरंतर प्रगति और बेहतर कार्य करने का संदेश दिया।


समारोह में व्यापारिक समस्याओं पर चर्चा के दौरान संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठित व्यापारिक समाज ही अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हुआ। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने उत्सव में नई ऊर्जा भर दी। व्यापारी, पदाधिकारी और उनके परिजन संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए। पारिवारिक सहभागिता ने आयोजन को महज औपचारिक मिलन से आगे बढ़ाकर आत्मीय रिश्तों और सामाजिक सौहार्द का उत्सव बना दिया। इस अवसर पर सुशील लखमणि, शिवप्रकाश जायसवाल, विश्वनाथ दुबे, प्रभाकर मिश्रा, ऋषि केशरी, मीडिया अध्यक्ष दीप्तिमान देव गुप्ता, गुणगीत बग्गा, संजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, विकास गुप्ता, राजीव वर्मा, अरविंद जायसवाल, रामकुमार यादव, धर्मेंद्र सिंह, अंबे सिंह, ज्ञानेश्वर जायसवाल, संतोष सिंह, शाहिद कुरेशी, पवन गुप्ता, शरद गुप्ता, अमित छाबरा, सुजीत कुमार वर्मा, मनोज गुप्ता, अजीत जायसवाल, शीतलाल, आनंद, देव कुमार, राजू, सचिन मौर्य, विनोद जायसवाल, अमित, नंदलाल केसवानी, जयप्रकाश, प्रवेश गुप्ता, जय निहालनी, योगेंद्र कुमार, मनोज विश्वकर्मा, नीरज गुप्ता, जितेश जायसवाल, हुमा बानो, प्रिया अग्रवाल, संतोष जायसवाल, कैलाश चौरसिया, चंचल सिंह, रमेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: