उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए सड़क संपर्क की चुनौती मैदानी क्षेत्रों से अलग है। राज्य सरकार के दस्तावेज के अनुसार, भौगोलिक परिस्थितियों और आबादी के बिखरे हुए स्वरूप के कारण पहाड़ों में सड़क निर्माण और संपर्क उपलब्ध कराना अधिक कठिन है। राज्य में ग्रामीण सड़कों का बड़ा नेटवर्क होने के बावजूद दूरदराज की बस्तियों तक हर मौसम में सुरक्षित संपर्क उपलब्ध कराना लगातार चुनौती बना हुआ है। हालांकि उत्तराखंड सरकार ने ग्रामीण सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए कई योजनाएं भी चलाई हैं। राज्य की मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत ऐसे दूरदराज के गांवों में पुलिया बनाने का प्रावधान है जहां सामान्य तरीके से सड़क पहुंचाना संभव नहीं है। यह योजना विशेष रूप से 0 से 249 आबादी वाले दूरस्थ गांवों के लिए बनाई गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को परिवहन के साथ-साथ जरूरी सेवाओं और बाजार तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है। राज्य में ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ जैसी योजना भी ग्रामीण और दूरदराज की बस्तियों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। राज्य सरकार के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क संपर्क का उद्देश्य केवल लोगों की आवाजाही आसान करना नहीं, बल्कि गांव के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना और ग्रामीणों की आजीविका के अवसर बढ़ाना भी है।
उत्तराखंड के बजट दस्तावेज के अनुसार, 2022-23 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 579 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण पूरा किया गया और 250 से अधिक आबादी वाली 24 बस्तियों को सड़क संपर्क दिया गया। साथ ही 2,288 किलोमीटर सड़कों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन योजनाओं की सफलता का वास्तविक पैमाना यह होना चाहिए कि गांव के लोगों को उनका लाभ कितनी आसानी से मिल रहा है? पिंगलो जैसे गांवों की स्थिति यह बताती है कि सड़क बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसका टिकाऊ होना भी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण सड़कें जल्दी खराब हो सकती हैं। इसलिए नई सड़क बनाने के साथ उसके नियमित रखरखाव, जल निकासी और निर्माण की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना होगा। उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी की वेबसाइट पर भी ग्रामीण सड़कों के रखरखाव और गुणवत्ता से संबंधित अलग-अलग दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं।
उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थिति वाले गांवों के लोगों की जरूरत बहुत स्पष्ट है। उन्हें ऐसी सड़क चाहिए जिस पर वे बारिश के दिनों में भी सुरक्षित चल सकें। बच्चों को स्कूल जाने में डर न लगे, मरीज को अस्पताल ले जाने में घंटों की चिंता न हो और ग्रामीण अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचा सकें। इसके लिए योजनाओं की संख्या बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है कि जो सड़कें स्वीकृत और निर्मित हों, उनकी गुणवत्ता और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। पिंगलो की समस्या किसी एक गांव की समस्या नहीं है। पहाड़ के कई गांवों के लिए सड़क आज भी विकास तक पहुंचने की पहली लेकिन अधूरी सीढ़ी बनी हुई है। इसलिए दूरदराज की बस्तियों में सड़क संपर्क को केवल निर्माण के आंकड़ों से नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में आए बदलाव से मापा जाना चाहिए। जब किसी गांव तक हर मौसम में सुरक्षित सड़क पहुंचती है, तभी स्कूल, अस्पताल, बाजार और रोजगार के अवसर भी वास्तव में उसके करीब आते हैं। पहाड़ों के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पक्की और टिकाऊ सड़क केवल सुविधा मात्र नहीं, बल्कि उनकी बुनियादी जरूरत है।
ज्योति
पिंगलो, उत्तराखंड
टीम, गाँव की आवाज़
(यह लेखिका की निजी राय है)



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें