दिल्ली : ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ का नारा खोखला : बांसुरी स्वराज - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 15 नवंबर 2026

दिल्ली : ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ का नारा खोखला : बांसुरी स्वराज

  • झारखंड के विधायक के खिलाफ पॉक्सो मामले पर कांग्रेस चुप

bansuri-swaraj-attacks-congress
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस पर झारखंड के अपने मौजूदा विधायक के खिलाफ एक नाबालिग आदिवासी लड़की के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया और महिला सुरक्षा के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को लेकर सवाल उठाए। भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गंभीर आरोपों के बावजूद चुप्पी साध रखी है। स्वराज ने कहा, ‘‘यह बेहद शर्मनाक है कि झारखंड से कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है।’’ उन्होंने कहा कि पॉक्सो (यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने इन आरोपों को ‘‘बेहद परेशान करने वाला और अंतरात्मा को झकझोर देने वाला’’ बताया। स्वराज ने कहा, ‘‘आरोपों के अनुसार विधायक ने मासूम लड़की को शिक्षा और बेहतर जीवन का आश्वासन देकर अपने झांसे में लिया। इन झूठे वादों के बहाने वह 14 साल की नाबालिग को अपने घर ले गया, उससे घर के काम कराए, कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसका यौन शोषण किया। यह बेहद गंभीर खबर हमें मीडिया रिपोर्ट के जरिए मिली है।’’ ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ जैसे नारे का इस्तेमाल करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए स्वराज ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप रहना ही बेहतर समझा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे हैरानी इस बात की है कि ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ जैसे खोखले नारे देने वाली कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी तथा मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर चुप्पी साध रखी है।’’ पुलिस के अनुसार, झारखंड से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। उनके सरकारी आवास पर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली एक लड़की ने उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली इस लड़की ने धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। 


उसका आरोप है कि पांच अगस्त को बाड़ा ने अपने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। दो बार विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके बाड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला’’ बताया। उन्होंने दावा किया कि यह मामला कांग्रेस से निकाले गए लोगों द्वारा गढ़ा गया है। स्वराज ने कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम के खिलाफ लगे आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं ने अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं, और मामले की गंभीरता के बावजूद कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें अपनी घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष नियुक्त करके ‘‘पुरस्कृत’’ किया है। स्वराज ने कहा, ‘‘यह हैरानी की बात है कि कांग्रेस के मौजूदा सांसद बिमल अकोइजम, जिन पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप हैं, उन्हें मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की चुनाव समिति, प्रचार समिति और घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के नैतिक सिद्धांत नैतिकता से नहीं बल्कि नारों और राजनीतिक सुविधा के आधार पर तय होते हैं।’’ मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने की संभावना है। स्वराज ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के खिलाफ लगे आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि असम की एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और डीएनए परीक्षण की मांग की है। संबंधित मामलों का जिक्र करते हुए स्वराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वह किसी आदिवासी लड़की से कथित दुष्कर्म का मामला हो, घोषणापत्र समिति के सह-अध्यक्ष के रूप में बिमल अकोइजम की नियुक्ति हो, या उत्तराखंड में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष के रूप में हरक सिंह रावत की नियुक्ति हो - इन सभी मामलों में एक बात समान है और वह है कांग्रेस पार्टी तथा राहुल गांधी की गहरी चुप्पी।’’ 


प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ पर सवाल उठाते हुए स्वराज ने पूछा, ‘‘जब मामला आपकी अपनी पार्टी के नेताओं से जुड़ा होता है तो क्या आप महिलाओं की गरिमा के लिए उसी दृढ़ संकल्प के साथ खड़ी होती हैं या नहीं?’’ उन्होंने एनएसयूआई के एक पूर्व पदाधिकारी से जुड़ी हालिया घटना का भी जिक्र किया, जिसमें उसने युवतियों को कथित तौर पर ‘कॉन्सर्ट’ के टिकट और उपहार देने का लालच दिया तथा उन्हें अवैध गतिविधियों के लिए अहमदाबाद ले जाने की कोशिश की। हालांकि, छात्र संगठन ने दावा किया है कि इन कथित घटनाओं से पहले ही उसे निलंबित कर दिया गया था और अब उसका एनएसयूआई से कोई संबंध नहीं है। स्वराज ने दावा किया, ‘‘राहुल गांधी ‘छात्राओं की गूंज’ जैसे बड़े कार्यक्रम आयोजित करते हैं लेकिन जब कांग्रेस के छात्र संगठन के किसी पदाधिकारी पर आरोप लगते हैं तो उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं होता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर बार कांग्रेस पार्टी की यह गहरी खामोशी यही दिखाती है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी महिलाओं को वस्तु की तरह पेश किए जाने से पूरी तरह सहज हैं और वे महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर भी उतने ही सहज हैं।’’ स्वराज ने आरोप लगाया, ‘‘यौन उत्पीड़न, यौन शोषण और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों को वे बेहद मामूली समझते हैं और यह नहीं समझते कि किसी पीड़िता को किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है।’’ नयी दिल्ली की सांसद ने कहा कि मूक लोगों की आवाज बनने के बजाय कांग्रेस अपने ऐसे नेताओं को आगे बढ़ाकर उन्हें ‘‘पुरस्कृत’’ करती है। कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र पर सवाल उठाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी चुनाव में महिला मतदाता पार्टी को जवाबदेह ठहराएंगी। भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘महिला मतदाता आपसे जवाब मांगेंगी और महिलाओं के खिलाफ आपके हर रुख के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार ठहराएंगी।’’

कोई टिप्पणी नहीं: