मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सियांग नदी पर प्रस्तावित इस विशाल जलविद्युत संयंत्र को लेकर जताई जा रही चिंताओं और आशंकाओं को गहराई से समझते हैं। उन्होंने कहा, "मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपकी आवाज, आपकी जमीन, आपके घर और हमारी प्यारी 'आने सियांग' (सियांग नदी) को पूरी तवज्जो दी जा रही है और आपकी चिंताओं का समाधान खुले संवाद, पारदर्शिता और सार्थक जन परामर्श के माध्यम से किया जाएगा।" खांडू ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं और हितों का पूरा ध्यान रखते हुए ही आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान सियांग अपर बहुउद्देश्यीय परियोजना को लेकर लोगों में बढ़ती उलझन और आशंकाएं देखी गई हैं, इसलिए यह उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वह जनता से सीधे बात करें, ईमानदारी से तथ्यों को सामने रखें, सभी की चिंताओं को सुनें और यह सुनिश्चित करें कि आगे का रास्ता संवाद, विश्वास व सहयोग के आधार पर ही तय हो।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को 11,200 मेगावाट की 'सियांग अपर बहुउद्देश्यीय परियोजना' का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों को लिखे एक खुले पत्र में आश्वासन दिया कि उनकी सभी चिंताओं का समाधान खुले संवाद, पारदर्शिता और सार्थक जन परामर्श के जरिए किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को "मेरे प्यारे आदि भाइयो" कहकर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार फिलहाल इस चरण में बांध निर्माण की कोई बात नहीं कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें