दिल्ली : एकजुट भारत ही सशक्त भारत है, राष्ट्रीय एकता दिवस पर उपराष्ट्रपति - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 1 नवंबर 2026

दिल्ली : एकजुट भारत ही सशक्त भारत है, राष्ट्रीय एकता दिवस पर उपराष्ट्रपति

united-india-radhakrishnan
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने युवाओं से सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए शनिवार को कहा कि एकजुट राष्ट्र हमेशा मजबूत रहेगा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अपने आधिकारिक आवास पर आयोजित ‘सरदार कथा’ कार्यक्रम में राधाकृष्णन ने कहा कि विभिन्न भाषाओं, परंपराओं और क्षेत्रीय पृष्ठभूमियों के बावजूद भारत की स्थायी ताकत उसकी एकता में निहित है। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में राजनीतिक एकीकरण करने में पटेल की भूमिका की सराहना की और हैदराबाद रियासत की मुक्ति के लिए उठाए गए निर्णायक कदमों को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पटेल न केवल देश की एकता के सूत्रधार थे, बल्कि भारतीय संविधान के शिल्पकारों में से एक और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) तथा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित देश की आधुनिक प्रशासनिक सेवाओं की परिकल्पना करने वाले दूरदर्शी नेता भी थे। उन्होंने याद किया कि महात्मा गांधी के प्रभाव में पटेल ने अपनी पश्चिमी जीवनशैली छोड़कर पारंपरिक सादगी अपना ली थी। पटेल की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि जब एक वरिष्ठ ब्रिटिश अधिकारी ने उनसे उनकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बारे में पूछा, तो पटेल ने शानदार जवाब दिया था, “मेरा कल्चर (संस्कृति) एग्रीकल्चर (कृषि) है।” एक अन्य कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पटेल को श्रद्धांजलि दी और युवाओं से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। बिरला ने राष्ट्र निर्माण में पटेल के दृष्टिकोण, दृढ़ संकल्प और संगठनात्मक कौशल को स्थायी प्रेरणा बताते हुए उनकी विरासत का स्मरण किया। इस अवसर पर मंत्रियों, सांसदों, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कोई टिप्पणी नहीं: