मधुबनी : राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

मधुबनी : राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर

  • 12 नवंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का होगा प्रकाशन, 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची होगी प्रकाशित
  • 21-22 नवंबर एवं 5-6 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस का होगा आयोजन
  • पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने एवं अपात्र नामों को हटाने के लिए बीएलए की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील

Voter-revision-madhubani
मधुबनी, 6 नवंबर (रजनीश के झा) । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की तैयारी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा के निर्देशानुसार गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रशांत शेखर ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित कार्यक्रम, निर्धारित समय-सीमा एवं मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।


बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 18 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में पूर्व में प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 31,09,890 मतदाता दर्ज थे, जबकि अद्यतन मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 31,69,422 हो गई है। अंतिम प्रकाशन के उपरांत अब तक कुल 80,219 मतदाताओं का प्रपत्र-6 के माध्यम से पंजीकरण तथा 23,457 मतदाताओं के नाम प्रपत्र-7 के माध्यम से विलोपन किए जाने की जानकारी भी बैठक में साझा की गई। बैठक में राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपने स्तर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने बीएलए की नियुक्ति नहीं की है, उनसे शीघ्र नियुक्ति करने की अपील की गई, ताकि बीएलए एवं बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के बीच समन्वय स्थापित कर पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा अपात्र प्रविष्टियों के विलोपन की प्रक्रिया में सहयोग मिल सके।


विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस (कैंप) आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों मतदान केंद्रों पर पात्र नागरिकों के पंजीकरण एवं मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों से इन विशेष अभियान दिवसों की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में यह भी बताया गया कि ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका अभी तक मतदाता सूची में पंजीकरण नहीं हुआ है, 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भावी मतदाता तथा आगामी 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी निर्धारित प्रावधानों के तहत अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों से निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय के सूचना पट्ट एवं विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध दावा-आपत्तियों से संबंधित प्रपत्रों का अवलोकन करने तथा आवश्यकतानुसार आवेदन करने का अनुरोध किया गया। बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी, सदर मधुबनी एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे। जिला प्रशासन का उद्देश्य विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है।

कोई टिप्पणी नहीं: