वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘हमारे संविधान की खूबसूरती यह है कि हर मतदाता का वोट बराबर है। चाहे कोई मजदूर हो या उद्योगपति, दोनों के मत का समान महत्व है। लेकिन सरकार ज्ञानेश कुमार के माध्यम से मताधिकार के इस संवैधानिक मूल्य को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।’’ उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से कांग्रेस विरोध कर रही है। वेणुगोपाल ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर बनी असमंजस की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को समाप्त हुआ था और उसके बाद 26 नवंबर तक 106 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक शीतकालीन सत्र को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर संसद का शीतकालीन सत्र 20 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच आयोजित होता है, लेकिन इस बार सरकार विशेष सत्र की बात कर रही है। वेणुगोपाल ने सवाल किया कि जब नियमित शीतकालीन सत्र की परंपरा रही है तो अब विशेष सत्र की चर्चा क्यों हो रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कामकाज में पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिकता का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ये इस सरकार की खास पहचान हैं। ये मोदी और शाह सरकार का डीएनए हैं।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान, मताधिकार और संसदीय लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना अभियान जारी रखेगी।
नई दिल्ली। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिकता का अभाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के ‘डीएनए’ में है। उन्होंने यहां संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी की ओर से ‘संविधान रक्षा मार्च’ में शामिल होने के बाद यह भी कहा कि सरकार एक ओर संविधान का अपमान कर रही है तो दूसरी ओर देश की संसदीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की अनदेखी कर रही है। संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने सभी राज्यों में 'संविधान रक्षा मार्च' निकाला। वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी राज्यों की राजधानियों में डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमाओं से मार्च की शुरुआत की। इन मार्च में लाखों लोगों ने हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस पिछले तीन-चार महीने से मुख्य निर्वाचन आयुक्त और एसआईआर व्यवस्था के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान दिवस के दिन, जब देश बाबा साहेब आंबेडकर और संविधान निर्माताओं द्वारा दिए गए अधिकारों को याद कर रहा है, तब लोगों के मताधिकार पर खतरा मंडरा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें