रावण और जटायु की लड़ाई को साकार करने में कई सालों की योजना और मेहनत लगी। फिल्म निर्माता ने बताया कि कलाकारों के साथ पहली चर्चा से लेकर इसके पूरी तरह तैयार होने तक, इस एक सीक्वेंस को बनाने में उनकी टीम को साढ़े छह साल लग गए। उन्होंने कहा,'क्या आप जानते हैं कि रावण और जटायु की लड़ाई को पूरा करने में हमें कितना समय लगा? जब मैंने पहली बार कलाकारों को इसके बारे में बताया था, तब से लेकर काम पूरा होने तक, पूरे साढ़े छह साल लग गए। सिर्फ एक एक्शन सीक्वेंस! हर चीज को बिल्कुल शुरुआत से बनाने में कितनी मेहनत लगी है, यह बताने के लिए मैं एक घंटे तक लगातार बात कर सकता हूं। और इस पर हजारों लोगों ने काम किया है।'
टीम ने रावण के पौराणिक उड़ने वाले वाहन, 'पुष्पक विमान' पर भी लगभग दो साल तक काम किया। नितेश ने बताया कि इसके फाइनल डिजाइन में कई बदलाव किए गए और यह उनकी शुरुआती योजना से काफी अलग बना। चूंकि रावण और जटायु के बीच की लड़ाई को पहले वाले डिजाइन के हिसाब से तैयार किया गया था, इसलिए टीम को उस हिस्से पर फिर से काम करना पड़ा और उसमें कई बदलाव करने पड़े। रणबीर कपूर रामायण में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं साई पल्लवी सीता और यश रावण का रोल में नजर आएंगे। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को दो भागों में बनाने की योजना है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में आएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें