इस्लामाबाद : इमरान खान को आंख के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 11 नवंबर 2026

इस्लामाबाद : इमरान खान को आंख के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया

imran-khan-eye-treatment
इस्लामाबाद, 11 नवंबर । पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उनकी आंख की समस्या के इलाज के लिए एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मीडिया में बुधवार को आई एक खबर में यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक 74 वर्षीय खान 2023 से जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार एवं हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों समेत 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। खान ने इस साल जनवरी में दाईं आंख से दिखाई देने में परेशानी की शिकायत की थी, जिसके बाद से उनका इलाज किया जा रहा है। समाचार पत्र 'डॉन' ने अस्पताल के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि खान को आंखों की जांच और आगे के इलाज के लिए पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान (पीआईएमएस) लाया गया था। पीआईएमएस के एक अधिकारी ने कहा, ''इमरान अहमद खान नियाजी को उनका इलाज कर रहे नेत्र रोग विशेषज्ञ की सलाह पर चिकित्सकीय जांच और आंख के आगे के इलाज के लिए 10 और 11 नवंबर 2026 की दरमियानी रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान (पीआईएमएस) लाया गया था।'' अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि उपचार की प्रक्रिया से पहले इमरान खान की चिकित्सकीय जांच की गई। उन्होंने कहा, ''उनके महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतक सामान्य पाए गए। उनकी हालत स्थिर थी और सामान्य शारीरिक जांच में भी कोई असामान्य बात नहीं मिली। उनकी सहमति लेने और निगरानी की मानक प्रक्रियाओं, एहतियाती उपायों तथा चिकित्सकीय नियमों का पालन करने के बाद नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने उनकी आंख में 'एंटी-वीईजीएफ' दवा का इंजेक्शन लगाया।'' अधिकारी ने बताया, ''उपचार से पहले, उसके दौरान और बाद में उनकी हालत स्थिर रही। आगे की देखभाल और जांच संबंधी आवश्यक निर्देशों के साथ उन्हें देर रात करीब ढाई बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।'' खान की पार्टी पीटीआई और उनके परिवार ने उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने पर जोर दिया था, लेकिन सरकारी अधिकारी ने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार हुआ है। उच्चतम न्यायालय ने 18 अगस्त को खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था, लेकिन इसके बजाय उन्हें पीआईएमएस ले जाया गया और वहां विभिन्न चिकित्सकीय जांच के बाद वापस जेल भेज दिया गया। खान 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उन्हें सत्ता से हटा दिया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं: