यह सर्वेक्षण सात से 27 अक्टूबर के बीच 1,000 भारतीय-अमेरिकी वयस्कों के बीच ऑनलाइन किया गया। इसमें त्रुटि की संभावित सीमा 3.87 प्रतिशत है। सर्वेक्षण के लेखक सुमित्रा बद्रीनाथन, देवेश कपूर, एनाबेल मिलर, एंडी रोबैना और मिलन वैष्णव ने सोमवार को प्रकाशित एक लेख में कहा, ‘‘मध्यावधि चुनाव से पहले किए गए नए सर्वेक्षण के नतीजे ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी के खिलाफ नाराजगी तथा डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थन में फिर से बढ़ोतरी को दर्शाते हैं।’’ सर्वेक्षण में पाया गया कि 2024 के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को भारतीय-अमेरिकियों के बीच मिली बढ़त अब कांग्रेस के चुनावों में समर्थन के रूप में दिखाई नहीं दे रही है। वर्ष 2024 में 30 प्रतिशत भारतीय-अमेरिकियों ने ट्रंप का समर्थन किया था, जबकि प्रतिनिधि सभा के रिपब्लिकन उम्मीदवारों को 19 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन मिला था। वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन दोनों सर्वेक्षणों में 62 प्रतिशत रहा। सर्वेक्षण के अनुसार, 40 वर्ष और इससे अधिक उम्र के पुरुष मतदाताओं में डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन जनवरी 2026 में 53 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 68 प्रतिशत हो गया। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन 32 प्रतिशत से घटकर 16 प्रतिशत रह गया। सर्वेक्षण में शामिल 46 प्रतिशत मतदाताओं ने खुद को डेमोक्रेट बताया, जबकि 62 प्रतिशत ने इस पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देने की मंशा जताई। वर्ष 2024 में 62 प्रतिशत भारतीय-अमेरिकियों ने कमला हैरिस का समर्थन किया था, जबकि 30 प्रतिशत ने ट्रंप के पक्ष में मतदान किया था। जनवरी 2026 तक डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन घटकर 57 प्रतिशत रह गया था, जबकि ट्रंप के प्रति समर्थन जताने वालों का आंकड़ा 25 प्रतिशत था। सर्वेक्षण के ताजा आंकड़े संकेत देते हैं कि भारतीय-अमेरिकियों के बीच रिपब्लिकन पार्टी को मिली चुनावी बढ़त कांग्रेस के चुनावों में उसके उम्मीदवारों के लिए स्थायी समर्थन में तब्दील नहीं हुई है।
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं का रुझान डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवारों की ओर बढ़ता दिख रहा है और एक नए सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि 62 प्रतिशत भारतीय-अमेरिकी मतदाता डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को वोट दे सकते हैं। सर्वेक्षण में इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मोहभंग होने का संकेत बताया गया है। ‘कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस’ और ‘यूगोव’ के संयुक्त तत्वावधान में कराए गए ‘इंडियन अमेरिकन एटिट्यूड्स सर्वे’ (आईएएएस) के अनुसार, मध्यावधि चुनाव से पहले डेमोक्रेटिक उम्मीदवार रिपब्लिकन उम्मीदवारों से 43 प्रतिशत अंक आगे हैं। सर्वेक्षण में कहा गया है, ‘‘प्रतिनिधि सभा के चुनाव में 62 प्रतिशत नागरिकों ने बताया कि वे डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को वोट देने की योजना बना रहे हैं, जबकि 19 प्रतिशत ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन की बात कही है। सीनेट चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार 63 प्रतिशत समर्थन के साथ रिपब्लिकन उम्मीदवारों (21 प्रतिशत) से आगे हैं।’’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें