दिल्ली : नेहरू की विरासत का ‘कवच’ बनेगा डिजिटल अभिलेखागार : रमेश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 15 नवंबर 2026

दिल्ली : नेहरू की विरासत का ‘कवच’ बनेगा डिजिटल अभिलेखागार : रमेश

jayram-ramesh-on-nehru
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने वाले लोग (डिस्टोरियंस) नेहरू को बदनाम करने और उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश करते रहेंगे, लेकिन उन पर तैयार डिजिटल अभिलेखागार उनकी महान विरासत को संरक्षित करने के लिए ‘कवच’ साबित होगा। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर रमेश ने कहा कि नेहरू डिजिटल अभिलेखागार ने अपना एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस दौरान इस डिजिटल संग्रह को 10 लाख से अधिक विशिष्ट आगंतुक मिले हैं और इसके पृष्ठों को 40 लाख से अधिक बार देखा गया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि इस अभिलेखागार में ‘सेलेक्टेड वर्क्स ऑफ जवाहरलाल नेहरू’ के 100 खंड उपलब्ध हैं, जिनमें 1903 से 1964 तक की सामग्री शामिल है। ये खंड करीब 77 हजार पृष्ठों में फैले हैं। इनमें 34 हजार से अधिक दस्तावेज और तीन हजार से ज्यादा तस्वीरें हैं।


रमेश के मुताबिक, यह संग्रह 20वीं सदी के भारत को समझने के लिए महत्वपूर्ण प्राथमिक स्रोत उपलब्ध कराता है। वेबसाइट 'नेहरू आर्काइव डॉट इन' को स्मार्टफोन के अनुकूल बनाया गया है। यहां सामग्री को आसानी से खोजने, मुफ्त डाउनलोड करने और दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने की सुविधा है। उन्होंने कहा कि इस पहल में विशेष रूप से युवा पीढ़ी को ध्यान में रखा गया है। आम लोगों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, इतिहासकारों और पत्रकारों के साथ ही नेहरू के प्रशंसकों तथा आलोचकों ने भी इसमें रुचि दिखाई है। रमेश ने कहा, "यह तो महज शुरुआत है। भविष्य में इस संग्रह में देश-विदेश के विभिन्न स्रोतों से नेहरू से जुड़ी चिट्ठियां, तस्वीरें, दस्तावेज, पुस्तकें, फिल्में, ऑडियो रिकॉर्डिंग और उनके जीवनकाल में प्रकाशित कार्टून भी शामिल किए जाएंगे।" उन्होंने कहा कि यह 'जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड' की पहल है। रमेश ने इस बात पर जोर दिया कि नेहरू को बदनाम करने की कोशिशों के बीच यह डिजिटल अभिलेखागार उनकी विरासत को संरक्षित करने, उसका प्रचार-प्रसार करने और भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का काम करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: