मुंबई : महेश भट्ट के पत्र ने अनुपम खेर को किया भावुक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

मुंबई : महेश भट्ट के पत्र ने अनुपम खेर को किया भावुक

mahesh-bhatt-letter-to-anupam-kher
मुंबई, 12 नवंबर । अभिनेता अनुपम खेर ने बृहस्पतिवार को फिल्मकार महेश भट्ट का एक भावुक पत्र साझा किया, जिसमें भट्ट ने सिनेमा में अभिनेता के 42 साल के सफर का जिक्र किया है। खेर ने कहा कि भट्ट के इस संदेश ने उन्हें भावुक कर दिया। भट्ट ने ही उन्हें पहली बार फिल्मों में मौका दिया था। खेर ने सोशल मीडिया पर भट्ट का पत्र साझा करते हुए 1984 में आई फिल्म 'सारांश' से अपने करियर की शुरुआत के समय उन पर भरोसा जताने और उनका साथ देने के लिए फिल्मकार का आभार व्यक्त किया। खेर ने अपने जवाब में लिखा, ''आज मैं धरती पर सबसे खुश इंसान हूं।'' उन्होंने कहा कि भट्ट का संदेश अप्रत्याशित रूप से आया और इससे वह कृतज्ञता से अभिभूत हो गए। अभिनेता ने लिखा, ''यह 42 साल के काम के लिए सबसे खूबसूरत प्रमाणपत्र मिलने जैसा था। साथ ही, उस व्यक्ति की ओर से सबसे आत्मीय सराहना थी, जिसने मेरे लिए सिनेमा के दरवाजे खोले थे।'' खेर ने कहा कि भट्ट न केवल बतौर अभिनेता उनकी पहली फिल्म के निर्देशक हैं, बल्कि उनके जीवन में एक मार्गदर्शक, मित्र और शिक्षक भी हैं। उन्होंने लिखा, ''हमारे देश के बेहतरीन निर्देशकों, लेखकों और साहित्यकारों में से एक से ऐसे शब्द सुनना मेरे लिए इतना मायने रखता है कि मैं उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता।'' 'फिल्म सारांश के बी.वी. प्रधान से रामायण के जटायु तक' शीर्षक वाले अपने पत्र में भट्ट ने खेर की यात्रा का जिक्र किया। खेर ने भट्ट की पहली निर्देशित फिल्म 'सारांश' में एक बुजुर्ग पिता की भूमिका निभाने से लेकर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण : राइज ऑफ ए लेजेंड' में जटायु को आवाज देने तक के उनके सफर को याद किया। भट्ट ने लिखा, ''सारांश के बी. वी. प्रधान से रामायण के जटायु तक- क्या सफर रहा है। आपकी लगातार तरक्की और उपलब्धियां देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।'' फिल्मकार ने स्वीडन की अपनी यात्रा के दौरान खेर से हुई मुलाकात को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्हें अभिनेता के आत्मविश्वास और व्यवहार में बदलाव नजर आया। भट्ट ने लिखा, ''आप अब अलग दिखते हैं। मैंने देखा कि आप लोगों से किस तरह हाथ मिला रहे थे- पूरे हाथ से और सामने वाले व्यक्ति को पूरा ध्यान देते हुए। आपने पहले कभी खुद को इतना आत्मविश्वास से भरा और इतना सहज नहीं दिखाया था।'' फिल्मकार ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें 'सारांश' के एक ऐसे दृश्य की याद दिला दी, जो वर्षों से उनके जेहन में बसा हुआ है। फिल्म में खेर ने सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक बी. वी. प्रधान की भूमिका निभाई थी, जो अपने बेटे की मौत से दुखी हैं। भट्ट ने लिखा, ''मुझे 'सारांश' के पार्क में उस बुजुर्ग महिला वाला दृश्य याद आ गया। प्रधान अपने बेटे अजय की अस्थियां विसर्जित कर चुके हैं और वह महिला बच्चों के साथ खेल रही है। उस समय आपने जिस तरह उसे देखा था, वह आपका बुद्धत्व का क्षण था। जिंदगी ने आपको एक गहरा अनुभव दिया था और उस पल की कुछ छाप आपकी आंखों, शरीर और दिल में रह गई। मैंने स्वीडन में इसे फिर देखा।'' भट्ट ने खेर के साथ अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने मुंबई के पाली हिल स्थित अपने घर के परिसर में 28 वर्षीय अभिनेता और 34 वर्षीय फिल्मकार के बीच हुई बातचीत का जिक्र किया। फिल्मकार ने कहा कि खेर का सफर उन्हें बहुत खुशी देता है और उनकी सफलता फिल्म उद्योग में अपनी जगह बनाने का सपना देखने वाले अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन सकती है। इस पत्र के जवाब में खेर ने लिखा, ''मुझ पर भरोसा करने, मेरे सफर को इतनी उदारता से देखने और मेरे जीवन का इतना महत्वपूर्ण हिस्सा बनने के लिए आपका धन्यवाद। मैं ऐसा काम करने की कोशिश करता रहूंगा, जिससे आपको गर्व हो और शायद समय-समय पर आपका ऐसा ही कोई पत्र पाने का हकदार बन सकूं।''

कोई टिप्पणी नहीं: