दिल्ली : ऑनलाइन प्रक्रिया में नए मतदाता के पंजीकरण फॉर्म और घोषणा पत्र को अलग किया गया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 4 नवंबर 2026

दिल्ली : ऑनलाइन प्रक्रिया में नए मतदाता के पंजीकरण फॉर्म और घोषणा पत्र को अलग किया गया

online-voter-ragistration
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने उच्चतम न्यायालय में दाखिल अपने हलफनामे के अनुरूप, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया वाले राज्यों में नए मतदाता के पंजीकरण से जुड़े फॉर्म और उसके साथ संलग्न घोषणा पत्र को ऑनलाइन प्रक्रिया में अलग-अलग कर दिया है। आयोग ने सितंबर में उन राज्यों में अपने डिजिटल मंच से घोषणा पत्र को पहले ही हटा दिया था, जहां मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पूरा हो चुका है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक लोगों को फॉर्म-6 भरना होता है। बिहार में एसआईआर के बाद निर्वाचन आयोग ने इसके साथ एक घोषणा पत्र भी जोड़ दिया था, जिसमें फॉर्म-6 भरने वाले आवेदकों से उनके माता-पिता के एसआईआर संबंधी विवरण मांगे गए थे। हालांकि, ऑफलाइन प्रक्रिया में दोनों दस्तावेज अलग-अलग भरने होते हैं, लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था में दोनों के लिए एक ही ओटीपी का इस्तेमाल किए जाने से यह सवाल उठने लगा था कि क्या आयोग ने केंद्रीय कानून मंत्रालय की मंजूरी के बिना फॉर्म-6 में बदलाव किया है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि निर्धारित वैधानिक फॉर्म-6 और पहले से इस्तेमाल किए जा रहे घोषणा पत्र को जमा करने की प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। आयोग के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''पहले आवेदकों की सुविधा के लिए फॉर्म-6 और उसके साथ संलग्न घोषणा पत्र एक ही ओटीपी और ई-साइन के जरिए जमा किए जाते थे। संशोधित प्रक्रिया के तहत अब दोनों दस्तावेज अलग-अलग जमा करने होंगे और इसके लिए अलग-अलग ओटीपी सत्यापन तथा ई-साइन की आवश्यकता होगी। आवेदन सफलतापूर्वक जमा करने के लिए आवेदकों को दोनों प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।'' उच्चतम न्यायालय में हाल ही में दाखिल अपने जवाबी हलफनामे में आयोग ने कहा था कि उसके मतदाता सूची प्रभाग ने 21 अक्टूबर को यह निर्णय लिया है कि भौतिक रूप से आवेदन जमा करने की प्रक्रिया की तरह ऑनलाइन फॉर्म-6 के आवेदन को भी दो अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाएगा। इनमें नियमों के तहत निर्धारित फॉर्म-6 और एसआईआर घोषणा पत्र शामिल होंगे। आयोग ने मंगलवार को स्पष्ट किया था कि पहले से मतदाता के रूप में पंजीकृत लोग भी एसआईआर की मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम नहीं होने पर उसे शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। यह स्पष्टीकरण ऐसे मतदाताओं की चिंताओं के बीच आया है, जिनके नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज थे। उन्हें आशंका थी कि फॉर्म-6 जमा करने पर वे गलत घोषणा करने के दोषी करार दिए जा सकते हैं और उन पर निर्वाचन कानून के प्रावधानों के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं: