- गौरव पिचोनिया ने 25 गेंदों पर ठोके 69 रन, फैथ क्रिकेट क्लब के पृथ्वीराज सिंह ने 54 गेंदों पर जड़ा 116 रन का तूफानी शतक
पहले मुकाबले में एकलव्य क्रिकेट अकादमी सीहोर ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से गौरव पिचोनिया ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 25 गेंदों पर 69 रन बनाए। वहीं नयनराज मेवाड़ा ने 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अतुल कुशवाहा ने 29 रन, कनिष्क ने 20 रन, आरव मसीह ने 13 रन और अमित शर्मा ने 10 रन का योगदान दिया। रेलवे यूथ भोपाल की ओर से गेंदबाजी करते हुए विवेक झा और जावेद हुसैन ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि इरशाद खान ने एक विकेट लिया। 226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ भोपाल की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आदित्य ने 78 रन की शानदार पारी खेली। अभिषेक ने 25 रन, संस्कार ने 15 रन और सौरभ ने 10 रन बनाए। सीहोर की ओर से गेंदबाजी करते हुए अमित शर्मा और आदित्य सिंह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि नयनराज और नरेन्द्र ने एक-एक विकेट लिया। इस तरह एकलव्य क्रिकेट अकादमी सीहोर ने 65 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
पृथ्वीराज सिंह ने 54 गेंदों पर जड़ा 116 रन का शतक
दिन का दूसरा मुकाबला फैथ क्रिकेट क्लब और निखिल क्रिकेट इंदौर सीनियर के बीच खेला गया। इसमें फैथ क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 285 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से पृथ्वीराज सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 54 गेंदों पर 116 रन की शतकीय पारी खेली। उनके शानदार प्रदर्शन ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं अक्षत रघुवंशी ने 44 रन बनाए। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी निखिल क्रिकेट इंदौर सीनियर की टीम ने भी मुकाबले में संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 19.2 ओवर में 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह फैथ क्रिकेट क्लब ने 39 रन के अंतर से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि लीग में शामिल टीमें बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान पर उतर रही हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक खेल देखने को मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें