बांग्लादेश में शेख हसीना के पूर्व उप प्रेस सचिव समेत तीन गिरफ्तार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 26 नवंबर 2026

बांग्लादेश में शेख हसीना के पूर्व उप प्रेस सचिव समेत तीन गिरफ्तार

sheikh-hasina-press-secretary-arrest
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व उप प्रेस सचिव समेत तीन लोगों को बृहस्पतिवार तड़के राजधानी ढाका में गिरफ्तार किया गया। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, हसीना के पूर्व उप प्रेस सचिव केएम शखावत मून और दो अन्य लोगों को ढाका के धानमंडी-27 इलाके से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों में पूर्व उपायुक्त मोहम्मद इलियास हुसैन और आयकर अधिवक्ता सूफी मोहम्मद अल मामून शामिल हैं। 'द डेली स्टार' अखबार के अनुसार, जातीयताबादी छात्र दल (जेसीडी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों को ढाका के धानमंडी इलाके में पकड़ लिया, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। जेसीडी सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) का छात्र संगठन है। मोहम्मदपुर थाने के ड्यूटी अधिकारी उपनिरीक्षक मसूदुर रहमान ने बताया कि पुलिस तीनों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। इस बीच, हसीना की अगले महीने प्रस्तावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ने के बीच बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार ने कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है। सीमा सुरक्षा बल के 108 प्लाटून तैनात किए गए हैं, जिनमें से 56 हसीना के गृह जिले गोपालगंज में तैनात हैं। हसीना की संभावित वापसी को लेकर पिछले कुछ सप्ताह में बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं। इनमें ट्रेन, बस और बैंकों को आग लगाने की घटनाएं भी शामिल हैं। हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के कारण उनकी सरकार गिरने के बाद ढाका छोड़कर भारत चली गई थीं और तब से भारत में रह रही हैं। पुलिस ने हालिया हिंसक घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। सुरक्षा बढ़ाने के पीछे आशंका है कि हसीना के समर्थक आने वाले दिनों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं तेज कर सकते हैं। प्रतिबंधित अवामी लीग ऑनलाइन माध्यमों से 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन कार्यक्रम का प्रचार कर रही है, जिससे तनाव बढ़ने की आशंका है। बीएसएस के अनुसार, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने बुधवार को कहा कि अवामी लीग को बांग्लादेश में कभी भी राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अहमद ने अवामी लीग को ''फासीवादी और माफिया ताकत'' बताते हुए आरोप लगाया कि जुलाई 2024 के जनविद्रोह के दौरान हुई सामूहिक हत्याओं के लिए पार्टी जिम्मेदार थी।

कोई टिप्पणी नहीं: