नयी दिल्ली, 11 नवंबर । इंदिरा गांधी की 1977 के लोकसभा चुनाव में हार का असर उनके परिवार पर किस कदर पड़ा था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके पोते राहुल गांधी के सातवें जन्मदिन की पार्टी में एक मित्र को छोड़कर उनका कोई भी दोस्त नहीं पहुंचा था। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में इस घटना को याद करते हुए इसे राजनीति की दुनिया में मानवीय रिश्तों की अस्थिरता को लेकर मिला एक दर्दनाक सबक बताया है। 'हार्पर कॉलिन्स इंडिया' द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने लिखा है, ''19 जून को राहुल के जन्मदिन तक हम अपने नए घर (12, विलिंगडन क्रिसेंट) में पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो पाए थे, लेकिन मैंने तय कर लिया था कि उनके जन्मदिन पर एक छोटी-सी पार्टी जरूर आयोजित करूंगी। राहुल ने मुझे अपने उन दोस्तों की सूची दी थी, जो पहले भी उसके जन्मदिन की पार्टियों में शामिल होते रहे थे।'' सोनिया के मुताबिक, जन्मदिन की तैयारियों में प्रियंका गांधी भी उत्साह से जुटी थीं। वह अपने भाई की मदद से कुर्सी पर चढ़कर बरामदे के दरवाजों पर गुब्बारे लगा रही थीं। घर को रंगीन झालरों और गुब्बारों से सजाया गया था और मेहमानों के लिए घर पर बने केक, नाश्ते एवं आलू के चिप्स की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी के पास बंगाल में मिट्टी से बने ऐसे खिलौनों का संग्रह था, जिनमें कीड़े, छिपकलियां और मक्खियों की आकृतियां थीं। वह इन खिलौनों को बच्चों की प्लेटों में रखकर उन्हें चौंकाना चाहती थीं। सोनिया ने लिखा है कि मेहमानों का इंतजार करते हुए समय बीतता गया और राहुल का केवल एक दोस्त सिद्धार्थ आया। उन्होंने लिखा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद निमंत्रण को लेकर कोई गलतफहमी हुई है, इसलिए उन्होंने एक-एक कर बच्चों के माता-पिता को फोन किया लेकिन उनके जवाब टालमटोल वाले थे। उन्होंने लिखा कि तब उन्हें एहसास हुआ कि कोई और बच्चा नहीं आने वाला है। उन्होंने लिखा, ''सात साल के बच्चे और उसके सहपाठियों के बीच का सहज रिश्ता राजनीति से दूषित हो गया था।'' उनके मुताबिक, राहुल इस घटना से बेहद आहत हुए। परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की और केक काटा, लेकिन समारोह में उत्साह नहीं था। सोनिया गांधी ने लिखा है कि बाद में उनके पति राजीव गांधी ने राहुल को अपने पास बैठाकर समझाने की कोशिश की और कहा, ''राहुल, इसमें तुम्हारे दोस्तों की कोई गलती नहीं है। उनसे नाराज मत हो।'' सोनिया के अनुसार, राजीव ने कहा, ''हो सकता है कि उनके माता-पिता तुम्हारे परिवार से दोस्ती रखने से डरते हों। कुछ लोग सरकार से डरते हैं।'' सोनिया ने यह भी बताया कि राजनीतिक उथल-पुथल का असर बच्चों पर पड़ रहा था तथा स्कूल में उनके सहपाठी इंदिरा गांधी एवं संजय गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे, जिससे बच्चे परेशान होकर घर लौटते थे। उन्होंने प्रियंका से जुड़ी एक घटना का भी जिक्र किया, जब स्कूल में एक लड़के की टिप्पणी से वह रो पड़ी थीं। हालांकि, प्रियंका ने मां से उस लड़के के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया, क्योंकि शिक्षक उसे पहले ही डांट चुके थे। इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आपातकाल लागू किया था। जनवरी 1977 में चुनाव की घोषणा के बाद 16 मार्च को हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय गांधी को हार का सामना करना पड़ा तथा 21 मार्च 1977 को आपातकाल समाप्त हो गया था।
बुधवार, 11 नवंबर 2026
Home
देश
राजनीति
सोनिया गांधी
दिल्ली : इंदिरा की चुनावी हार के बाद राहुल के जन्मदिन की पार्टी में नहीं पहुंचे थे दोस्त : सोनिया गांधी
दिल्ली : इंदिरा की चुनावी हार के बाद राहुल के जन्मदिन की पार्टी में नहीं पहुंचे थे दोस्त : सोनिया गांधी
Tags
# देश
# राजनीति
# सोनिया गांधी
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
सोनिया गांधी
Labels:
देश,
राजनीति,
सोनिया गांधी
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें