दिल्ली : कालिंदी कुंज में यमुना में फिर दिखा जहरीला झाग, सफाई अभियान जारी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 3 नवंबर 2026

दिल्ली : कालिंदी कुंज में यमुना में फिर दिखा जहरीला झाग, सफाई अभियान जारी

yamuna-in-kalindi-kunj-delhi
नई दिल्ली। दिल्ली के कालिंदी कुंज के पास सोमवार को यमुना नदी में जहरीला झाग तैरता दिखाई दिया, जिसके बाद इस सफेद झाग को हटाने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नदी की सतह पर सफेद झाग की मोटी परत तैरती दिखाई दी। यमुना में प्रदूषण को लेकर बार-बार चिंता जताए जाने के बीच यह स्थिति सामने आई है। झाग का बनना मुख्य रूप से नदी में बिना शोधित सीवेज और औद्योगिक अपशिष्टों के छोड़े जाने से जुड़ा है, जिनमें डिटर्जेंट और अन्य रासायनिक प्रदूषक शामिल होते हैं। झाग तब बनता है जब डिटर्जेंट और अन्य प्रदूषकों में मौजूद ‘सर्फेक्टेंट’ (साबुन जैसे पदार्थ) पानी में मिलकर हवा के बुलबुलों को फंसा लेते हैं। बैराज के पास पानी के उथल-पुथल होने से विशेषतौर पर जहां पानी ऊंचाई से गिरता है यह प्रक्रिया और भी तेज हो जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में तापमान कम होने से बुलबुले अधिक स्थिर हो जाते हैं, जिससे झाग इकट्ठा होकर नदी की सतह पर लंबे समय तक बना रहता है। घरों से निकलने वाले अवजल के अलावा, औद्योगिक कचरा और नदी के किनारे होने वाली धुलाई गतिविधियों से निकलने वाला पानी भी इस समस्या को बढ़ाता है। कालिंदी कुंज बैराज पर ही 23 अक्टूबर को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था, जब नदी के एक हिस्से पर झाग की एक मोटी परत जमा हो गई थी। उसके कुछ दिनों बाद ही फिर से झाग दिखाई दिया है। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी)सर्दियों के दौरान, खासकर छठ पूजा से पहले, झाग को जमा होने से रोकने के लिए रसायनों की मदद से इसे हटाने का प्रयास करता है। छठ पूजा के समय, हर साल नवंबर के आसपास, श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों के लिए नदी के किनारे इकट्ठा होते हैं। अधिकारियों ने बताया कि 2022 से कालिंदी कुंज में सफाई का काम चल रहा है, और पिछले साल के अभियान से बची हुई सामग्री को रखने के लिए दो शिविर लगाए थे। विशेषज्ञों का हालांकि मानना ​​है कि ऐसे उपाय केवल दिखाई देने वाले झाग से निपटने के लिए होते हैं, न कि प्रदूषण की मूल समस्या का समाधान करने के लिए। उनका कहना है कि बिना शोधन अवजल और औद्योगिक कचरे का बहाव नदी के पानी की गुणवत्ता को लगातार प्रभावित कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: