लखनऊ : योगी ने कार्यकर्ताओं को 19 नवंबर से बूथ स्तर पर 'मतदाता जोड़ो अभियान' शुरू करने के दिए निर्देश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

लखनऊ : योगी ने कार्यकर्ताओं को 19 नवंबर से बूथ स्तर पर 'मतदाता जोड़ो अभियान' शुरू करने के दिए निर्देश

yogi-order-worker-for-booth
लखनऊ, 13 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं से 19 नवंबर से बूथ स्तर पर युद्धस्तर पर 'मतदाता जोड़ो अभियान' शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना उसका संवैधानिक अधिकार है, जबकि अपात्र व्यक्तियों और दोहरे पंजीकरण वाले नामों को हटवाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है। राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संवैधानिक दायित्व है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लें। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने की। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यशाला को संबोधित किया। योगी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होने से बचाना और अपात्र नामों को मतदाता सूची से हटवाना होना चाहिए। कार्यकर्ताओं को केवल नए नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि सूची में मौजूद विसंगतियों की पहचान कर उन्हें दूर कराने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी है। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की जानकारी होना जरूरी है। फॉर्म-6 का इस्तेमाल नाम जुड़वाने, फॉर्म-7 का नाम हटवाने और फॉर्म-8 का स्थानांतरण अथवा संशोधन कराने के लिए किया जाता है। मुख्यमंत्री ने इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना चाहिए और किसी तरह की विसंगति नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि कोई भी ताकत उत्तर प्रदेश में भाजपा को हैट्रिक लगाने से नहीं रोक सकती। महिला और युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में कम होने का एक कारण विवाह के बाद उनका मायके से ससुराल चले जाना है। कई मामलों में मायके से नाम कटने के बाद ससुराल में नाम दर्ज नहीं हो पाता। ऐसी महिलाओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसी तरह एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम भी अभी से जुड़वाने की तैयारी की जाए। प्रवासी श्रमिकों और कामगारों का मुद्दा उठाते हुए योगी ने कहा कि प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में नोएडा, दिल्ली और दूसरे राज्यों में काम करते हैं। ऐसे सभी पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। पार्टी पदाधिकारी दूसरे राज्यों और जनपदों में काम कर रहे प्रवासी अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और कामगारों से संवाद स्थापित करें। जिनका नाम सूची में नहीं है, उनके पंजीकरण के लिए परिजनों की मदद ली जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फर्जी नामों और दोहरे पंजीकरण की विसंगतियों की पहचान कर नियमानुसार सुधार के लिए आवेदन करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक भारतीय वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए, लेकिन गैर भारतीय नागरिक, अवयस्क अथवा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत व्यक्ति का नाम नियमों के विपरीत सूची में नहीं रहना चाहिए। योगी ने कहा कि फर्जी नामों और दोहरे पंजीकरण की पहचान के साथ यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए। पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप होनी चाहिए। आवेदन संबंधित मतदाता की ओर से व्यक्तिगत रूप से भरे और हस्ताक्षरित किए जाने चाहिए। पार्टी कार्यकर्ता बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें और निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को उनके कार्य में सहयोग दें। पंचायत और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूचियों को लेकर फैले भ्रम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों सूचियां अलग-अलग हैं। पंचायत और स्थानीय निकाय के चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के आधार पर होते हैं, जबकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची से कराए जाते हैं। कार्यकर्ताओं को मतदाताओं को इस अंतर की जानकारी देनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के विरोध पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल मतदाता सूची के शुद्धीकरण की प्रक्रिया को बाधित करने के लिए दुष्प्रचार के जरिए भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद 91 लाख बांग्लादेशियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का दावा भी किया। बंगाल में दुर्गा पूजा और रामनवमी के आयोजन तथा उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने विपक्ष पर प्रदेश को फिर दंगों और अराजकता की ओर ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता नई जनगणना के आधार पर भी मतदाता सूची की समीक्षा करें और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय रहें। इसके लिए प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए, प्रत्येक स्तर पर व्हाट्सएप समूह बनाए जाएं और अभियान की नियमित निगरानी हो। कमल साथी ऐप के माध्यम से उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर फॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाए। उन्होंने विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, छात्रावासों, मोहल्लों और कोचिंग सेंटरों में युवा मतदाता जोड़ो अभियान चलाने के निर्देश दिए। युवा मोर्चा और विद्यार्थी परिषद को युवाओं से संपर्क की जिम्मेदारी देने के साथ महिला मोर्चा को महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कोई टिप्पणी नहीं: