युवराज की छुट्टी, पुजारा को टीम में जगह !! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 20 सितंबर 2010

युवराज की छुट्टी, पुजारा को टीम में जगह !!

युवराज सिंह को टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में युवराज सिंह की जगह चेतेश्वर पुजारा को जगह दी गई है. भज्जी, गंभीर और जहीर की टीम में वापसी हुई.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक अक्टूबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है. टीम में एक बड़ा बदलाव किया गया है. पिछले काफी समय से खराब फॉर्म में चल रहे बाएं हत्था बल्लेबाज युवराज सिंह को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है.

उनकी जगह सौराष्ट्र के युवा बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को जगह दी गई है. घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन करने की वजह से पुजारा को यह मौका दिया गया है. पुजारा के बारे में मुख्य चयनकर्ता श्रीकांत ने कहा, ''पिछले दो घरेलू सत्रों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे जोरदार प्रदर्शन ने टीम में उनका रास्ता बनाया है.''

इस साल यह दूसरा मौका है जब युवराज को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है.

आलोचक उन्हें खेल पर ज्यादा ध्यान देने को कह रहे हैं. युवराज के अलावा मायूसी का सामना कर्नाटक के तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन को भी करना पड़ा है. जहीर खान और श्रीसंत की वापसी के चलते मिथुन की राह बंद हुई है, उन्होंने टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुना गया है. जहीर और श्रीसंत चोट की वजह से टीम से बाहर थे.

हरभजन सिंह और गौतम गंभीर की वापसी ने भी टीम इंडिया को बड़ी राहत दी है. दोनों चोट से पूरी तरह उबर गए हैं. टीम के एलान के बाद मुख्य चयनकर्ता श्रीकांत ने कहा, ''फिटनेस और फॉर्म'' को देखते हुए टीम चुनी गई है. भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट और तीन वनडे खेलने हैं. पहला टेस्ट एक अक्टूबर से खेला जाएगा.

टेस्ट की टीम इस प्रकार है: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग (उपकप्तान), गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजय, हरभजन सिंह, जहीर खान, ईशांत शर्मा, प्रज्ञान ओझा, श्रीसंत, अमित मिश्रा.

कोई टिप्पणी नहीं: