कांग्रेस के स्टार प्रचारक व भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सांसद मो. अजरुद्दीन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश सरकार खेल व रोजगार के क्षेत्र में पूरी तरह से विफल रही। सूबे में जो विकास दिख रहा है वह केन्द्र सरकार की बदौलत हुई। सूबे के विकास के लिए केन्द्र सरकार ने दिल खोलकर राशि दी। केन्द्र प्रायोजित एक भी योजना को पूरा करने में नीतीश सरकार विफल साबित हुई। वे व उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष रीता बहुगुणा सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में राजनगर के राज मैदान, लौकहा विधान सभा क्षेत्र के एक एकहथा में चुनावी सभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जात-पात, धर्म मजहब की राजनीति नहीं करती है। नीतीश सरकार में पढ़े लिखे नौजवान बेरोजगारी के शिकार हुए। कामनवेल्थ गेम में बिहार के एक भी खिलाड़ी पदक नहीं जीत सके। कांग्रेस नेत्री रीता बहुगुणा ने कहा कि सूबे में मनरेगा की स्थिति अच्छी नहीं है। इस योजना में भ्रष्टाचार के कारण मजदूरों का पलायन हो रहा है। नीतीश सरकार को बेईमान सरकार की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा दी गई राशि के कारण प्रदेश में 31 हजार प्राथमिक व मध्य विद्यालय खोले गए। 72 हजार सेविकाओं की नियुक्ति की गई। 67 हजार नलकूप लगाए गए। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत 16 हजार गांवों का विद्युतीकरण किया गया। कोसी के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के प्रति वर्ष एक हजार करोड़ रुपए के हिसाब से पांच हजार करोड़ रुपए मुहैया कराए गए हैं। मध्याह्न भोजन योजना केन्द्र की राशि से चल रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें