आजादी मांगने पर जेल :- अरुंधती रॉय - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 26 अक्टूबर 2010

आजादी मांगने पर जेल :- अरुंधती रॉय

जानी-मानी लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता अरुंधति रॉय ने भारत प्रशासित कश्मीर के बारे में दिए वक्तव्य से उत्पन्न विवाद पर कहा है कि न्याय की माँग करने वालों को जेल भेजे जाने की माँग की जा रही है. कश्मीर पर दिए बयान के कारण उनके ख़िलाफ़ देशद्रोह का मामला दर्ज किए जाने की आशंका जताई जा रही है. इस बयान में उन्होंने कहा था कि 'कश्मीर कभी भारत का अभिन्न अंग नहीं रहा.'


अरुंधति रॉय ने मंगलवार को श्रीनगर से जारी बयान में कहा है,'' मैंने आज सुबह के अख़बारों को देखा जिसमें लिखा हुआ था कि श्रीनगर की सार्वजनिक सभाओं में मैंने जो कहा है, उसके लिए मुझे देशद्रोह के आरोप में गिरफ़्तार किया जा सकता है.'' उनका कहना था,'' मैंने जो कहा है वो लाखों लोग हर दिन कहते हैं. मैंने जो कहा है जो टीकाकार वर्षों से लिखते और कहते आए हैं. यदि कोई मेरे भाषणों को गौर से देखे तो उनसे पता चलेगा, उनमें मूलरूप से न्याय की बात है.''

अरुंधति का कहना है,'' मैंने कश्मीरी लोगों के लिए न्याय की माँग की है जो दुनिया के सबसे नृशंस सैन्य शासन में रहते हैं... भारतीय ग़रीब इस सबकी कीमत अदा कर रहा है.'' बुकर पुरस्कार से सम्मानित इस लेखिका का कहना है,'' ये दुखद है कि देश उन लेखकों को चुप करा देना चाहता है जो अपनी बात कहना चाहते हैं. ये दुखद है कि जो न्याय चाहते हैं, उन्हें ये देश जेल भेज देना चाहता है जबकि सांप्रदायिक दंगे करवाने वाले, नरसंहार करने वाले, कॉरपोरेट घोटाले करने वाले, लुटेरे, बलात्कारी और ग़रीबों पर जुल्म ढहाने वाले खुले घूम रहे हैं.''

ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों अरुंधति रॉय ने श्रीनगर में एक सेमिनार के दौरान कहा था, " कश्मीर कभी भी भारत का अभिन्न अंग नहीं रहा है. यह ऐतिहासिक तथ्य है. भारत सरकार ने भी इसे स्वीकार किया है." उन्होंने आरोप लगाया था कि ब्रितानी शासन से आज़ादी के बाद भारत ख़ुद औपनिवेशिक शक्ति बन गया है.

1 टिप्पणी:

honesty project democracy ने कहा…

ये दुखद है कि जो न्याय चाहते हैं, उन्हें ये देश जेल भेज देना चाहता है जबकि सांप्रदायिक दंगे करवाने वाले, नरसंहार करने वाले, कॉरपोरेट घोटाले करने वाले, लुटेरे, बलात्कारी और ग़रीबों पर जुल्म ढहाने वाले खुले घूम रहे हैं.

बिलकुल सही बात है की इस देश की सरकार और व्यवस्था चोर-उच्चकों की रक्षक और अच्छे,सच्चे,इमानदार और देशभक्तों की भक्षक हो गयी है ..शर्म आती है ऐसे आजादी और और ऐसे आजाद देश की सरकार पर ....हर हिन्दुस्तानी आज चोरी और भ्रष्टाचार के सहारे अपनी जिन्दगी जीने को मजबूर है ...