भारत ने लिए तीन और स्वर्ण पदक ! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।


शुक्रवार, 26 नवंबर 2010

भारत ने लिए तीन और स्वर्ण पदक !

16वें एशियाई खेलों के 13वें दिन शुक्रवार को भारत ने शाम तक तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक अपनी झोली में डाले।  

महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले में मिले स्वर्ण के साथ भारत ने 13वां स्वर्ण हासिल किया और 1982 एशियाई खेलों के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली। भारत को कबड्डी में दो और एथलेटिक्स में एक स्वर्ण मिला जबकि एथलेटिक्स में ही रजत पदक भी प्राप्त हुआ। इसके अलावा एथलेटिक्स में ही कविता राउत ने 5000 मीटर में कांस्य हासिल किया। दूसरा कांस्य पुरूष शतरंज टीम ने जीता। भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। पुरूष कबड्डी टीम ने लगातार छठी बार स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में ईरान को 37-20 से पराजित किया। सेमीफाइनल मुकाबले में उसने जापान को 52-17 से पराजित किया था। भारतीय टीम ने 1990 के बाद से लगातार स्वर्ण पदक जीता है। वर्ष 1990 में ही कबड्डी को एशियाई खेलौं में शामिल किया गया था। भारतीय टीम ने 1990 बीजिंग और 1994 हिरोशिमा एशियाई खेलों में बांगलादेश को हराकर स्वर्ण जीता था जबकि 1998 के बैंकॉक एशियाई खेलौं में पाकिस्तान को हराकर सोना जीता था।

वर्ष 2002 के बुसान एशियाई खेलों में उसने एक बार फिर बांग्लादेश को हराकर स्वर्ण पदक जीता था जबकि 2006 के दोहा एशियाई खेलौं में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था। एशियाई खेलौं के फाइनल में भारत का ईरान के साथ पहली बार सामना हुआ। इससे पहले 2004 और 2007 में ईरान को ही हराकर विश्व कप पर कब्जा किया था। इससे पहले, पुरूष टीम से प्रेरणा लेते हुए भारत की महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए थाईलैंड को 28-14 से पराजित किया। भारतीय टीम ने मैच की शुरूआत से ही पक़ड बना रखी थी। महिला कबड्डी को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। भारतीय महिलाओं ने सेमीफाइनल मुकाबले में ईरान को 23-22 से पराजित किया था। अपने पहले मैच में उसने बांग्लादेश को 34-20 से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में उसे नेपाल के खिलाफ वॉकओवर मिला था। अपने ग्रुप के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया पर 47-21 के अंतर से एकतरफा जीत हासिल की थी। एथलेटिक्स में भारत के लिए दिन का पहला स्वर्ण चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने जीता। नई दिल्ली में अक्टूबर में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली महिला रिले टीम ने भारत को कुल 13वां और एथलेटिक्स में पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले भारत 400 मीटर बाधा दौ़ड (महिला एवं पुरूष), 3000 मीटर स्टेपलचेज और 10,000 मीटर दौ़ड (महिला) में स्वर्ण जीत चुका है। महिला टीम में शामिल मंजीत कौर, मंदीप कौर, सिनी जोस और 400 मीटर बाधा दौ़ड में गुरूवार को स्वर्ण हासिल करने वाली अश्विनी अकुन्जी ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मिनट 29.02 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। कजाकिस्तान ने तीन मिनट 30.03 सेकेंड समय के साथ इस स्पर्धा का रजत जीता जबकि मेजबान चीन को कांस्य मिला। चीन की धाविकाओं ने तीन मिनट 30.89 सेकेंड में यह रेस पूरी की। एथलेटिक्स की शुक्रवार को भारत को 5000 मीटर स्पर्धा में प्रीजा श्रीधरन ने रजत पदक जीता जबकि कविता ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। 10,000 मीटर में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रीजा ने 15 मिनट 15.89 सेकेंड समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया जबकि कविता ने 15 मिनट 16.54 सेकेंड के साथ कांस्य जीता। कविता ने 10,000 मीटर में रजत पदक जीता था। बहरीन की मिमी बिलीटी ने 15 मिनट 15.59 सेकेंड के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण हासिल किया। प्रीजा सेकेंड के 30वें हिस्से से अपना दूसरा स्वर्ण जीतने से चूक गईं।

इसके अलावा महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले फाइनल में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर रही। भारतीय टीम ने यह दूरी 45.23 सेकेंड में पूरी की जबकि थाईलैंड ने 44.09 सेकेंड के साथ स्वर्ण जीता। चीन को 44.32 सेकेंड के साथ रजत मिला जबकि जापान ने 44.41 सेकेंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया। महिलाओं की ऊंची कूद में भारत को निराशा मिली। भारत की साहाना कुमारी संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर रहीं। साहाना ने 1.84 मीटर की छलांग लगाकर इस सत्र में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन वह स्वर्ण जीतने वाली उज्बेकिस्तान की स्वेतलाना रैडजिविल से काफी पीछे रह गईं। स्वेतलाना ने 1.95 मीटर के साथ स्वर्ण जीता। साहाना के साथ थाईलैंड की वानिदा बूनवान ने भी 1.84 मीटर की छलांग लगाई। उज्बेकिस्तान की ही नादिया दुसानोवा ने 1.93 मीटर के साथ रजत हासिल किया जबकि कजाकिस्तान की अना उस्तीनोवा ने 1.90 मीटर की ऊंचाई नापकर तीसरा स्थान हासिल किया। भारत की पुरूष शतरंज टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में ईरान को 3.5-0.5 से हराया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन को मिला। चीन ने फिलीपींस को हराया। भारत ने शतरंज में दूसरा कांस्य हासिल किया है। इससे पहले व्यक्तिगत वर्ग में द्रोणावल्ली हरिका ने कांस्य जीता था। कुश्ती में भारत को एक कांस्य मिल सकता था लेकिन सुमन कुंडु 63 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा में चूक गई। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सुमन को चीन की मेंग चेन ने 5-0 से पराजित किया। इससे पहले सुमन सेमीफाइनल में मंगोलिया की नासनबर्म ओचिर्बत से 0-3 से हार गई थीं। सुमन ने वियतनाम की थी. क्यूएन लुओंग को पहले दौर में 3-1 से और कजाकिस्तान की नेसतान किजाजोवा को दूसरे दौर में 3-1 से मात दी थी।

55 किलोग्राम वर्ग के कवार्टर फाइनल में गीता उत्तर कोरिया की योन हुई पाक से 1-3 से हार गई। इससे पहले गीता ने दक्षिण कोरिया की जेउन हुम को इसी अंतर से हराया था। एक अन्य भारतीय पहलवान गुरशरणप्रीत कौर 72 किलोग्राम में पहले ही दौर से बाहर हो गई। कौर को कजाकिस्तान की गुजेल मेनोरोवा ने 5-0 से हराया। कैनोइंग और कयाकिंग में हालांकि भारत को निराशा हाथ लगी। कैनोइंग में भारत के जे.एस. ओनियम 200 मीटर एकल दौ़ड में सबसे पीछे रहे। इस स्पर्धा के फाइनल में नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ओनियम ने गुरूवार को 1000 मीटर दौ़ड में भी निराश किया था। इस दौ़ड में वह सातवें स्थान पर रहे थे। ओनियम ने 43.039 सेकेंड में यह रेस पूरी की जबकि चीन के क्यू. ली ने 36.603 सकेंड के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता। कजाकिस्तान के ए. डयाडचुक दूसरे स्थान पर रहे। जापान के एन. साकामोतो ने कांस्य जीता। दूसरी ओर, कयाकिंग में भारत की रेगिना किरो 500 मीटर एकल दौ़ड में सबसे पीछे रहीं। इस स्पर्धा के फाइनल में नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रेगिना ने कुल दो मिनट 10.837 सेकेंड में यह रेस पूरी। चीन के वाई. झोउ ने एक मिनट 48.912 सेकेंड के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता। कजाकिस्तान की एन. सेर्गेयेवा दूसरे स्थान पर रहीं। जापान की एस. कितामोतो ने कांस्य जीता।

कोई टिप्पणी नहीं: