कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता से झारखंड लाना संभव नहीं है। इस पर 50 से 100 करोड़ रुपए लागत आएगी। वैसे भी रांची से कोलकाता की दूरी ज्यादा नहीं है। धनबाद भी काफी नजदीक है। यह महंगा सौदा किसी भी मायने में उचित नहीं कहा जा सकता। बुधवार की शाम रांची पहुंचे जायसवाल एयरपोर्ट और कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कोयला चोरी के संबंध में कहा कि यह विधि-व्यवस्था का मामला है और इस पर ध्यान देना राज्य सरकार का काम है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य को भरपूर राशि देता है, लेकिन राज्य सरकार उसे खर्च नहीं कर पाती। कोयला मंत्री शाम छह बजे जमशेदपुर से चार्टर्ड प्लेन से रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर सीसीएल सीएमडी आरके साहा, सीएमपीडीआई सीएमडी एके सिंह, सीसीएल के निदेशक (तकनीकी) टीके नाग, निदेशक (वित्त) ए चटर्जी, सीएमपीडीआई के निदेशक एसके मित्रा, एके देबनाथ व एन खुराना सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने उनकी अगवानी की।
हवाई अड्डा से वे कांग्रेस भवन गए और कार्यकर्ताओं से संगठन व सरकार के मुद्दे पर बातचीत की। वहां से वे सीधे आईआईसीएम गेस्ट हाउस गए, जहां सीसीएल और सीएमपीडीआई के सीएमडी के साथ अनौपचारिक मुलाकात में उन्होंने उत्पादन व लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। श्री जायसवाल गुरुवार की दोपहर सीएमपीडीआई में दोनों कंपनियों की समीक्षा बैठक करेंगे। मंत्री के दौरे को लेकर दोनों कंपनियों में काफी गहमा-गहमी रही। वरीय अधिकारी पूरे दिन अपने-अपने विभाग की फाइलें खंगालने में व्यस्त रहे। मंत्री के स्वागत के लिए सीएमपीडीआई में व्यापक तैयारी की गई है। कंपनी के मुख्य गेट पर स्वागत द्वार बनाया गया।
केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल शाम साढ़े छह बजे कांग्रेस भवन पहुंचे और कांग्रेसियों से मुलाकात की। कांग्रेसियों ने कई मुद्दों से जायसवाल को अवगत कराया जिसमें रांची सहित अन्य जिलों में हटाए जा रहे अतिक्रमण मुख्य मुद्दा रहा। सभी बातों को सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री जायसवाल ने कहा कि वे अपने स्तर से सारी बातों को केंद्र सरकार को अवगत कराने का काम करेंगे मगर दिल्ली के लोग यहां आकर हमेशा आपका सहयोग नहीं करेंगे, इसलिए उनकी राय है कि कोई भी जनविरोधी नीति के खिलाफ कांग्रेसियों को एकजुट होकर संघर्ष और आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना होगा।
विधायक योगेंद्र साहू, प्रदेश मीडिया संयोजक राधाकृष्ण किशोर, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, विरेंदर जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता, राकेश सिन्हा, प्रदीप तुलस्यान, अजय राय, आदि ने अपनी बातों को रखते हुए कहा कि राज्य सरकार कोर्ट का सहारा लेकर गरीबों व मध्यम वर्ग परिवार को उजाड़ने का कार्य कर रही है। कोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि बड़ी मछलियों को पकड़ा जाए मगर ऐसा न कर गरीब परिवार को टारगेट किया जा रहा है। नेताओं ने राज्य की अन्य समस्याओं की ओर जायसवाल का ध्यान आकृष्ट कराया। इस मौके पर जगदीश साहू, मदन मोहन शर्मा, राजेश सिन्हा सन्नी, आभा सिन्हा सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें