
बिहार में पटना के जगदेव पथ इलाके में मंगलवार को दिन दहाड़े हुई गोलीबारी में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आगजनी की और सड़कों पर यातायात अवरुद्ध कर कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया.
पुलिस के अनुसार मुसहरी टोला में एक बिल्डर ने एक भूखंड पर चारदीवारी खड़ी करने का काम शुरू किया था. महादलित परिवारों ने इस भूखंड पर अपना दावा पेश करते हुए इसका विरोध किया. इसके बाद बिल्डर के लोगों ने गोलीबारी कर दी, जिससे दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए. घायलों में से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
घटना के बाद आक्रोशित भीड़ सड़क पर उतर आई और जमकर हंगामा किया. सड़कों पर आगजनी की गई और कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है. आक्रोशित लोगों ने बिल्डर के साथ मारपीट भी की.
पटना के पुलिस अधीक्षक (नगर) शिवदीप लांडे ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें