अमेरिका के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी का कहना है कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने अमेरिका के खिलाफ़ ‘जेहाद’ का ऐलान किया है और वह यूरोप एवं दूसरे महाद्वीपों तक अपनी पहुंच बना रहा है.
लश्कर को 26 नवंबर, 2008 को मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार माना जाता है. इस हमले में अमेरिका और दूसरे देशों के नागरिकों सहित कुल 166 लोग मारे गए थे. सीएनएन के मुताबिक अमेरिका के प्रशांत कमान के प्रमुख एडमिरल रॉबर्ट विलार्ड ने अमेरिकी सांसदों को बताया कि लश्कर ने अफ़गानिस्तान में अमेरिका के सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है. उन्होंने कहा कि इस बात के सबूत हैं कि लश्कर ने यूरोप, एशिया प्रशांत और कनाडा तक अपनी पहुंच कायम कर ली है.
सीनेट के समक्ष विलार्ड ने कहा, पाकिस्तानी सरकार के साथ लश्कर के संबंध के बारे में बात करना बहुत संवेदनशील मामला है. उनकी ओर से यह बयान उस समय आया है, जब पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध अमेरिका आतंकवादी डेविड हेडली की गिरफ्तारी के बाद से लश्कर पर पैनी नजर रख रहा है. हेडली को वर्ष 2009 में गिरफ्तार किया गया था.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें