
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमान चांडी बुधवार को केरल के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पार्टी के विधायक दल का नेता चुने के बाद उनके नाम पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी हरी झंडी दे दी है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने रविवार को बताया कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) के सहयोगियों की बैठक के बाद बाकी मंत्रिमंडल के शपथ के बारे में निर्णय लिया जाएगा। इसके पहले चांडी को सर्वसम्मति से पार्टी के 38विधायकों ने उन्हें कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद चांडी ने राज्यपाल आर.एस गवई से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
राज्य की 140 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए हुए चुनावों में यूडीएफ ने 72 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को चुनाव में 68 सीटों पर कामयाबी मिली है। चांडी ने कहा, 'चुनाव में मिले कमजोर बहुमत ने हमारे विश्वास को डिगाया नहीं है। यह याद रखना होगा कि 1970-77 के दौरान कांग्रेस के समर्थन वाली सी. अच्युत मेनन सरकार के पास बहुमत से मात्र तीन सीटें अधिक थीं। इसके बावजूद सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।' उन्होंने कहा कि लोगों ने एक बदलाव के लिए मतदान किया है और उनकी आकांक्षाओं को टूटने नहीं दिया जाएगा। वह भरोसा दिलाते हैं कि मोर्चा पारस्परिक सहयोग के साथ एक सशक्त इकाई के रूप में काम करेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें