
पाकिस्तान के कराची में नौसेना के मेहरान एयरबेस पर रविवार रात किए गए हमले में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। बंदूकधारी आतंकवादियों ने चीन के फौजी अधिकारियों समेत कुछ लोगों को बंदी भी बना लिया है। आतंकवादियों को पकड़ने या मारने के लिए सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने इलाके को घेरे में लिया हुआ है और वहां किसी को जाने की इजाजत नहीं है। इस बीच तहरीक-ए-तालिबान (पाकिस्तानी तालिबान) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। तालिबान के प्रवक्ता एहसानुल्ला एहसान ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को फोन पर बताया,'यह 2 मई को लादेन को मारे जाने का बदला है। हमले से यह भी साफ हो गया है कि हम अब भी शक्तिशाली और संगठित हैं।'
अल-कायदा नेता ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद तालेबान ने ऐलान किया था कि वह उसकी मौत का बदला लेगा। कराची के नौसेना ठिकाने पर रविवार रात आधुनिक हथियारों से लैस करीब दर्जन भर आतंकवादियों ने घुसकर धमाके किए और फिर गोलीबारी शुरू कर दी जो अब तक जारी है। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार की रात 10 बजकर 40 मिनट के आसपास 12 से 15 हमलावरों ने नौसेना के बेस मेहरान में खड़े हेलिकॉप्टरों को निशाना बनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों को कहना है कि नौसेना के बेस मेहरान में उसी जगह धमाके हुए जहां नौसेना के लड़ाकू हेलिकॉप्टर खड़े रहते हैं। हमले में अबतक कम से कम 11 लोग मारे जा चुके हैं और अरबों डालर के नौसेना के जहाजों को नुकसान पहुंचा है। नौसेना के एक अधिकारी ने कहा कि हमले में नौसेना का दो पी-3 ओरियन जहाज पूरी तरह तबाह हो गया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने कहा है कि आतंकवादियों को फौजी ठिकाने के एक क्षेत्र विशेष में रोक लिया गया है। आतंकवादी एक ऊंची इमारत में घुसकर वहां से गोलियां चला रहे हैं, जिससे सुरक्षा बलों को काफी परेशानी हो रही है।
कराची पहुंचने के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री मलिक ने कहा था, 'तालिबान और अल-कायदा पाकिस्तान के दुश्मन हैं। इस तरह के हमले कर वह पाकिस्तान के दुश्मन की मदद कर रहें हैं।' उन्होंने कहा कि जो लोग अल-कायदा या तालिबान के लिए दुआ करते हैं वह ना तो मुसलमान हैं और ना ही पाकिस्तानी। डॉन न्यूज चैनल ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि उन्होंने पांच धमाके की आवाज सुनी है। इसके साथ ही करीब 20 मिनट तक भारी फायरिंग होती रही। इसके तुरंत बाद घटनास्थल की ओर ऐम्बुलेंसों को रवाना होते हुए देखा गया। जिओ न्यूज ने बताया कि ये धमाके एयरबेस के गार्ड रूम में हुए हैं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया और किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें