इंटरनेट सर्च इंजन में अग्रणी कंपनी गूगल निर्मित लैपटॉप अगले माह से बाज़ार में उपलब्ध होगा. पूरी तरह गूगल के सॉफ्टवेयर पर चलनेवाले ये लैपटॉप सबसे पहले अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, इटली और स्पेन के बाज़ार में उतारे जाएंगे. कंपनी ने कहा है कि ये लैपटॉप जल्द ही दूसरे बाज़ारों में भी बेचे जाएंगे. गूगल ने लगभग दो साल पहले घोषणा की थी कि वो बाज़ार में अपना लैपटॉप उतारेगा.
एप्पल के आई पैड बाज़ार में बहुत प्रचलित हो गए हैं और धड़ल्ले से बिक रहे हैं. आई पैड्स जैसे टैब्लेट्स की जबरदस्त बिक्री ने ये सवाल खड़ा कर दिया है कि गूगल के लैपटॉप ख़रीदने में कितने लोगों की दिलचस्पी होगी? क्रोमबुक नाम से गूगल के लैपटॉप में सॉफ्टवेयर इंस्टालेशन, एंटी वायरस चेक और डैटा बैक-अप जैसे काम गूगल की 'ऑन-क्लाउड' सेवा के माध्यम से होगी.
गूगल ने कहा है कि आपको क्रोमबुक बूट होने और ब्राउज़र के शुरू होने के लिए इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा. आप अपना ईमेल सेकेंड के भीतर पढ़ सकते हैं. गूगल अपने माल को प्रचलित करने के लिए व्यापार समूहों और स्कूलों को विशेष आर्थिक रियायत भी दे रहा है जिसके तहत 20 से 28 डालर प्रति महीने के शुल्क पर तकनीकी सहायता और वारंटी दी जाएगी. एप्पल के साथ गूगल का मुक़ाबला स्मार्टफ़ोन के क्षेत्र में पहले से ही है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें